हरियाणा के विद्यार्थियों के लिए ढाई लाख टैबलेट खरीदेगी मनोहर लाल सरकार
चंडीगढ़, 6 जुलाई। हरियाणा सरकार स्कूली विद्यार्थियों को टैबलेट दे रही है। पहले चरण में सरकारी स्कूलों में दसवीं, ग्यारहवीं और बारहवीं के करीब पांच लाख छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को टैबलेट दिए जा चुके हैं। अब प्रदेश सरकार विद्यार्थियों को बांटने के लिए ढाई लाख टैबलेट और खरीदेगी। जल्द ही इसके लिए टेंडर निकाले जाएंगे। ई-अधिगम योजना के तहत मौजूदा शैक्षिक सत्र में सरकारी स्कूलों के दसवीं से बारहवीं तक के सभी बच्चों को टैबलेट दिए जा रहे हैं। अगले साल से नौवीं के छात्रों को भी टैबलेट दिए जाएंगे। इसके लिए अभी से खरीद प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी है। कोरोना के कारण पढ़ाई में पिछड़ गए बच्चों को टैबलेट की मदद से आगे बढ़ने में मदद मिलेगी। सभी स्कूल मुखियाओं को अभिभावकों से सीधा संवाद करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि पढ़ाई में कमजोर बच्चों को चिन्हित कर उनकी स्थिति में सुधार लाया जा सके।

स्कूलों में पढ़ाई का स्तर जानने के लिए टीमें गठित की जा रही हैं जो औचक निरीक्षण करेंगी। अधिकारियों को प्रत्येक सप्ताह एक स्कूल का दौरा करने के लिए गया है जो स्कूली गतिविधियों का निरीक्षण करने के साथ ही वहां कंडम हो चुके भवनों व नए भवनों की जरूरत, स्कूल की चहारदीवारी व गेट सहित शौचालयों की भी विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर जिला प्रशासन को सौंपेंगे। इससे स्कूलों में बच्चों को बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराने में आसानी रहेगी।
सरकार के पास स्कूलों में कुछ शिक्षकों और स्टाफ सदस्यों के नशा कर ड्यूटी पर आने की शिकायतें पहुंची हैं। ऐसे कर्मचारियों के खिलाफ न केवल विभागीय कार्रवाई की जाएगी बल्कि शिक्षा विभाग की ओर से एफआइआर भी दर्ज कराई जाएगी। शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने कहा कि सरकारी स्कूलों में 99 प्रतिशत शिक्षक पूरी ईमानदारी के साथ ड्यूटी करते हैं, लेकिन इक्का-दुक्का कर्मचारी ऐसे भी हैं जिनके खिलाफ नशा करने की शिकायतें मिली हैं। ऐसे लोगों से सख्ती से निपटा जाएगा और कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
हरियाणा में माडल संस्कृति स्कूलों को अच्छा रिस्पांस मिल रहा है। इससे उत्साहित प्रदेश सरकार अगले चरण में 500 और माडल संस्कृति स्कूल खोलेगी। शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार ने जहां सिर्फ 22 माडल संस्कृति स्कूल खोले थे, वहीं मौजूदा सरकार ने 116 और ऐसे स्कूल खोले हैं। सभी माडल संस्कृति स्कूलों में लड़कों और लड़कियों को एक साथ पढ़ाया जाएगा। निजी स्कूलों को माडल संस्कृति स्कूल पूरी टक्कर दे रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications