ड्रोन के इस्तेमाल को प्रोत्साहन देने के लिए हरियाणा सरकार ने बनाई योजना, जानिए क्या है वो
Haryana News: कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री जय प्रकाश दलाल ने कहा कि हरियाणा में ड्रोन के जरिए नैनो उर्वरकों के फसल में छिड़काव को प्रोत्साहन देने के लिए नई योजना तैयार की गई है। जिसके तहत खेत में मात्र 100 रुपए के शुल्क पर नैनो तरल यूरिया का छिड़काव होगा।
कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री जय प्रकाश दलाल ने यह बात रविवार को गुरुग्राम में कही। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खेती के कार्य में तकनीक के इस्तेमाल को प्रोत्साहन देने के लिए अनेक सराहनीय कार्य किए है। जिनमें से एक ड्रोन के जरिए उर्वरकों के छिड़काव को प्रोत्साहन देने का कार्यक्रम भी है। इफको द्वारा नैनो उर्वरकों की खोज एक क्रांतिकारी कदम है।

उन्होंने कार्यक्रम में हरियाणा के विभिन्न जिलों से आए ड्रोन उद्यमियों को संबोधित करते हुए कहा कि इफको की ड्रोन प्रोत्साहन योजना से जुड़कर आप सभी को जीवन में आगे बढ़ने का अवसर मिला है। साथ ही खेती में कम लागत पर अधिक उत्पादन से किसानों को भी इस योजना का सीधे लाभ मिलेगा।
इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम में पहुंचे सात ड्रोन उद्यमियों को ड्रोन एवं इलेक्ट्रिकल व्हीकल प्रदान किए। कृषि ड्रोन से ड्रोन उद्यमी क्षेत्र के किसानों को बेहतर सेवा प्रदान करेंगे। साथ ही, कृषि ड्रोन युवा उद्यमियों व ग्रामीण महिलाओं के लिए रोजगार सृजन करेंगे। कृषि में रासायनिक उर्वरकों के अंधाधुंध प्रयोग के कारण गिरते हुए मिट्टी के स्वास्थ्य पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए व मिट्टी के स्वास्थ्य सुधार हेतु इफको नैनो उर्वरको का प्रयोग अच्छा विकल्प है।
कार्यक्रम की अध्य़क्षता करते हुए इफको के निदेशक एके गुप्ता ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सहकार से समृद्धि के उद्देश्य से प्रेरित होकर नैनो यूरिया और नैनो डीएपी के उपयोग को आसान बनाने के लिए 2500 इफको किसान ड्रोन खरीदने का अभियान कुछ माह पूर्व शुरू किया था। इससे 5000 ग्रामीण उद्यमियों का विकास संभव हो सकेगा। यह ग्रामीण अर्थव्यवस्था के उत्थान हेतु सतत कृषि एवं समग्र सहकारी विकास की दिशा में बड़ा कदम है।
ड्रोन को किसानों के खेत तक ले जाने के लिए प्रत्येक ड्रोन के साथ इको फ्रेंडली इलेक्ट्रिक थ्री व्हीलर भी प्रदान किया रहा है। वहीं इफको के संयुक्त महाप्रबंधक एसएस दलाल ने कार्यक्रम में नैनो यूरिया व नैनो डीएपी के कृषि क्षेत्र मे उपयोग पर महत्वपूर्ण जानकारी दी और किसानों को नैनो उर्वरकों के प्रयोग हेतु प्रेरित किया।
इफको के राज्य विपणन प्रबंधक शमशेर सिंह ने बताया कि कृषि ड्रोन योजना के तहत हरियाणा में इफको द्वारा 100 पुरुष व 25 महिलाओं को ग्रामीण उद्यम के रूप में तैयार करने की एक महत्वाकांक्षी योजना है। जिसमे सभी 125 लाभार्थियों को कृषि ड्रोन व इलेक्ट्रिकल व्हीकल निशुल्क प्रदान किए जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications