मनोहर लाल खट्टर को कोविड-19 कमिटमेंट अवॉर्ड, बोले- ये हरियाणा के कोरोना वॉरियर्स का सम्मान
चंडीगढ़, 17 मार्च: हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल को कोविड-19 कमिटमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया है। एशिया वन मैगजीन ने खट्टर को से पुरस्कार दिया है। उन्हें यह सम्मान कोरोना वायरस महामारी के चुनौतीपूर्ण माहौल के बावजूद प्रदेश की अर्थव्यवस्था के पुनरुद्धार और समाज के सामूहिक कल्याण में योगदान के लिए मिला है। उन्होंने सम्मान लेते हुए कहा कि यह उनका नहीं, बल्कि प्रदेश के सभी कोरोना याद्धाओं का सम्मान है।

मुख्यमंत्री को यह सम्मान एशिया वन मैग्जीन की टीम ने चंडीगढ़ में उनके आवास पर पहुंचकर दिया। इस दौरान मनोहर लाल ने वीडियो संदेश के माध्यम से एशिया वन मैग्जीन व अन्य अवार्ड विजेताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा, यह हरियाणा के उन सभी कोरोना याद्धाओं का सम्मान है, जिन्होंने अपनी जिंदगी की परवाह न करते हुए दिन-रात मरीजों की सेवा की और लोगों को महामारी के प्रति जागरूक किया।
लॉकडाउन के बावजूद लोगों की सेवा भावना नहीं रुकी। उन्होंने घर-घर जाकर दैनिक आवश्यकताओं की चीजों और दवाइयों को पहुंचाने का काम किया। लोगों ने घर से दूर फंसे जरूरतमंदों के लिए आवास और भोजन की व्यवस्था की। इस दौरान सरकार ने भी जिम्मेदारीपूर्वक लोगों की सहायता की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव अमित अग्रवाल, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार अमित आर्य मौजूद रहे।
कोरोना वॉरियर्स का कृतज्ञ: खट्टर
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि वह सभी कोरोना वॉरियर्स के कृतज्ञ हैं। उन्हीं की बदौलत प्रदेश में कोविड-19 महामारी को नियंत्रित करने में सफल रहे। ऐसे मानव सेवकों का अभिनंदन है, उन्हें विश्वास दिलाता हूं कि प्रदेश की जनता की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहूंगा। मुख्यमंत्री ने मैगजीन की टीम का भी आभार प्रकट किया।












Click it and Unblock the Notifications