नूंह हिंसा में मारे गए अभिषेक के घर पहुंचे सीएम खट्टर, बोले- दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर मंगलवार को नूंह हिंसा में मारे गए पानीपत के अभिषेक के परिजनों से मिलने पहुंचे। सीएम ने परिवार के लोगों से मिलकर उनका हाल जाना और उनका हौसला बढ़ाया।
इस दौरान सीएम खट्टर ने कहा कि इस दुख की घड़ी में वह परिवार के साथ खड़े हैं। उन्होंने परिवार को आश्वासन देते हुए कहा कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

सीएम मनोहर लाल अचानक बिना किसी सूचना के मंगलवार सुबह करीब 8 बजे परिवार के लोगों से मिलने पहुंचे। सीएम के पहुंचने की खबर उस वक्त लगी जब पानीपत की धमीजा कॉलोनी में अचानक पुलिस कर्मियों की तैनाती कर दी गई और सुरक्षा बढ़ा दी गई।
सीएम के साथ पानीपत ग्रामीण विधानसभा सीट से विधायक महिपाल ढांडा भी मौजूद थे। बता दें कि नूंह हिंसा में अभिषेक की मौत के बाद पानीपत के सिविल अस्पताल में विभिन्न संस्थाओं के हजारों लोगों ने खूब हंगामा किया था।
स्थानीय लोगों ने अभिषेक के परिवार को न्याय दिलवाने के साथ सरकारी नौकरी और एक करोड़ रुपए देने की मांग की थी। उस समय पानीपत के दोनों विधायकों और सांसद संजय भाटिया ने बीच बचाव कर स्थिति को संभाल लिया था।












Click it and Unblock the Notifications