मंत्री हरीश राव ने किया आगाह, 'विपक्षी दलों के बहकावे में ना फंसे तेलंगाना की जनता'
तेलंगाना के वित्त मंत्री टी हरीश राव ने प्रदेश की जनता को आगाह किया है कि वो विपक्षी दलों के बहकावे में ना फंसे। हरीश राव ने कहा कि विपक्षी दल तेलंगाना में ऐसे वादे कर रहे हैं जिन्हें वे भारत में कहीं भी लागू नहीं कर सकते।
मुफ्त स्प्रिंकलर सेट वितरित करने के बाद बागवानी किसानों को संबोधित करते हुए हरीश राव ने कहा कि कालेश्वरम लिफ्ट सिंचाई योजना (केएलआईएस) परियोजना पर कांग्रेस पार्टी के नेता राहुल गांधी के बयान पूरी तरह निराधार हैं।

हरीश राव ने कहा है कि हाल ही में खम्मम जनसभा के दौरान राहुल गांधी ने कहा था कि बीआरएस पार्टी एक लाख करोड़ के भ्रष्टाचार में शामिल है। राव ने इसे आधारहीन टिप्पणी करार देते हुए कहा है कि तेलंगाना सरकार ने केएलआईएस पर सिर्फ 80,000 करोड़ रुपये खर्च किए हैं, एक लाख करोड़ रुपये का भ्रष्टाचार कैसे संभव है?
हरीश राव ने कहा कि कालेश्वरम लिफ्ट सिंचाई योजना के निर्माण के बाद विपक्षी दल मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव की बढ़ती लोकप्रियता को बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि तेलंगाना के किसान केएलआईएस के बिना पिछले यासंगी के दौरान महज 56 लाख एकड़ में धान उगा सकते थे।
उन्होंने आगे कहा कि सरकार ने अकेले पिछली यासंगी के दौरान धान की खरीद पर 26,000 करोड़ रुपये खर्च किए थे। हरीश राव ने कहा कि मुख्यमंत्री केसीआर ने सिंचाई विभाग को सिंचाई की जरूरतों को पूरा करने के लिए रंगनायक सागर, मल्लन्ना सागर, कोंडापोचम्मा सागर और अन्नपूर्णा सागर से पानी छोड़ने का निर्देश दिया है।












Click it and Unblock the Notifications