हर घर जल योजना : खेतड़ी इलाके में बिछाएंगे एक हजार किलोमीटर की पेयजल पाइप लाइन
जयपुर, 11 जुलाई। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के द्वारा प्रदेश में हर घर जल योजना के अंतर्गत घर-घर पानी पहुंचाने की योजना को अब जल्द ही मूर्त रूप दिया जाएगा। झुंझुनूं की खेतड़ी विधानसभा क्षेत्र में एक हजार किलोमीटर की पेयजल पाइप लाइन बिछाकर घर घर जल योजना को संबल दिया जाएगा।

यह बात मुख्यमंत्री सलाहकार डॉ. जितेंद्र सिंह ने झुंझुनूं के खेतड़ी कस्बे की चांदमारी रोड स्थित सैनी धर्मशाला में महावीर प्रसाद तोगड़िया को जिला नरेगा लोकपाल बनाए जाने पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के द्वारा आयोजित सम्मान समारोह कार्यक्रम के दौरान कही।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गोकुलचंद सैनी ने की। विशिष्ट अतिथि पूर्व प्रधान बजरंगसिंह चारावास, महावीरप्रसाद तोगड़िया, सीआई विनोद सांखला, पार्षद लीलाधर सैनी, श्रवणदत्त नारनौलिया, बंशीधर जोरासिया, राजेंद्र चेतीवाल, अनिता देवी, फकीरचंद रहे। कार्यक्रम के दौरान सर्वप्रथम अतिथियों ने बाबा भीमराव अंबेडकर के प्रतीक चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान महावीर प्रसाद तोगड़िया को जिला लोकपाल नियुक्त किए जाने पर माला और साफा पहनाकर सम्मान किया।
कार्यक्रम के दौरान राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के सलाहकार डॉ. जितेंद्र सिंह ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अब एक करोड़ पर एक लाख लोगों को ही रोजगार मिलेगा। पहले जिले के अधिकांश युवा देश सेवा में अपनी सेवाएं देते थे, लेकिन अग्निपथ योजना के चलते सबसे बड़ा नुकसान झुंझुनूं जिले और खेतड़ी के युवाओं को हुआ है।
हजारों शहीदों और सैनिकों के परिवार के युवा देश सेवा में जाने का सपना संजोए बैठे थे। उनके सपने अब चकनाचूर होते नजर आ रहे हैं। झुंझुनूं जिले के सात उपखंड की 400 ग्राम पंचायतों में महावीरप्रसाद तोगड़िया लोकपाल की अध्यक्षता करेंगे। यह खेतड़ीवासियों के लिए एक बहुत बड़ी बात है।
उन्होंने कहा कि उपखंड के बबाई में 2 हजार बीघा भूमि पर 8 हजार करोड़ के उद्योग लगाए जाएंगे। इसकी स्वीकृति जारी हो चुकी है। उन्होंने बाबा साहब अंबेडकर भवन बनाने का आश्वासन देते हुए विधायक कोष से अंबेडकर की छतरी बनाने के लिए चार लाख रुपए की घोषणा की।












Click it and Unblock the Notifications