गुजरात: आम आदमी पार्टी ने जारी की 2000 से अधिक पदाधिकारियों की सूची
अहमदाबाद: आम आदमी पार्टी के गुजरात प्रदेश प्रमुख गोपाल इटालिया ने गुजरात की जनता को दशहरा पर्व की शुभकामनाएं दीं और संगठन से जुड़े 2000 पदाधिकारियों की सूची जारी की। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि आज सबके हाथ में अरविंद केजरीवाल का गारंटी कार्ड है। पार्टी के कार्यकर्ता उसे गुजरात के हर घर तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं।

पार्टी के गुजरात प्रमुख गोपाल इटालिया ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने राज्य में मजबूत और बड़ा सांगठनिक ढांचा तैयार किया है। आज हम ढांचे को और मजबूत करने के लिए पांचवीं सूची जारी कर रहे हैं। उसमें प्रदेश स्तर पर 50 से अधिक पदाधिकारियों की नियुक्ति के साथ जिला स्तर पर 1000 से अधिक पदाधिकारियों, विधानसभा स्तर पर और अन्य स्तर की जिम्मेदारियों को मिलाकर कुल 2000 से अधिक पदाधिकारियों की नियुक्ति हम दशहरा के पावन अवसर पर करने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आसुरी मानसिकता को हराने के लिए सक्रिय सैन्य बल की जरूरत होती है। हमारे आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता भाजपा के भ्रष्टाचार और अहंकार के सामने पूरी निष्ठा, ईमानदारी और स्वखर्च के साथ लड़ रहे हैं। मैं उन सभी 2000 से अधिक पदाधिकारियों को बधाई देता हूं, जिन्हें आज संगठन की पांचवीं सूची में स्थान मिला है। इस तरह आम आदमी पार्टी का सांगठनिक ढांचा बहुत बड़ा और बहुत मजबूत हो गया है। हम आने वाले दिनों में एक और सूची के साथ संगठन का और विस्तार करेंगे।
गोपाल इटालिया ने कहा कि भगवान के आशीर्वाद से छोटे लोगों के लिए बनी आम आदमी पार्टी गुजरात के छोटे लोगों की उम्मीद बन कर आई है। तब आम आदमी पार्टी में बड़ी संख्या में लोग शामिल हो रहे हैं। एक तरह से गुजरात के अंदर परिवर्तन की लड़ाई का एक पूरा मिशन खड़ा हो गया हो, वैसा माहौल बन गया है। इससे पहले आम आदमी पार्टी ने चार अलग-अलग सूचियों की घोषणा कर एक बड़ा संगठन बनाया है। उसमें प्रदेश से लेकर जिला और लोकसभा स्तर तक कई नियुक्तियां की जा चुकी हैं। एक सक्षम, सक्रिय और बड़े बुनियादी ढांचे का निर्माण किया गया है। उस संगठन के माध्यम से अरविंद केजरीवाल की गारंटी गुजरात के कोने-कोने तक पहुंचाने का काम किया जा रहा है। सोशल मीडिया हो, इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया के जरिए अरविंद केजरीवाल के गारंटी कार्ड घर-घर पहुंच रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आज दशहरा का पावन पर्व है। हम सभी जानते हैं कि भगवान श्रीराम ने अपनी दिव्य शक्ति से रावण की आसुरी शक्ति का नाश किया था। ऐसा कह सकते हैं कि इस शुभ दिन पर अन्याय पर न्याय की जीत हुई थी। ऐसे शुभ अवसर पर मैं जनता को दशहरा की शुभकामनाएं देता हूं। मैं प्रार्थना करता हूं कि भगवान श्रीराम हमें न्याय और सदाचार के लिए लड़ने की अपार शक्ति प्रदान करें।












Click it and Unblock the Notifications