मुख्यमंत्री को मिले उपहारों की होगी नीलामी
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अपने सार्वजनिक जीवन में सादगी को मूर्तरूप देते हुए अपने विभिन्न कार्यक्रमों में सामाजिक संस्थानों या व्यक्तियों द्वारा सम्मान स्वरूप दिए गए हुए उपहारों को नीलाम करने का निर्णय लिया है।

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को देश-विदेश से मिले उपहारों को अब सरकार नीलाम करेगी। इसके लिए 'मुख्यमंत्री उपहार' पोर्टल की शुरुआत की है। इस पोर्टल पर लोग उपहारों की खरीद कर सकेंगे। सीएम के अतिरिक्त प्रधान सचिव व पब्लिक रिलेशन डिपार्टमेंट के महानिदेशक डॉ़ अमित अग्रवाल ने रविवार को सीएम आवास पर इस पोर्टल का उद्घाटन किया। इस मौके पर वे मीडिया से भी रूबरू हुए।
अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अपने सार्वजनिक जीवन में सादगी को मूर्तरूप देते हुए अपने विभिन्न कार्यक्रमों में सामाजिक संस्थानों या व्यक्तियों द्वारा सम्मान स्वरूप दिए गए हुए उपहारों को नीलाम करने का निर्णय लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मिले उपहारों की नीलामी पोर्टल के माध्यम से की है। इससे मिली धनराशि को 'नमामी गंगे सफाई अभियान' में लगाया गया।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की भी यही सोच है कि उपहारों से प्राप्त धनराशि को मुख्यमंत्री राहत कोष में प्रयोग में लाया जाए। इस पोर्टल पर कोई भी व्यक्ति उपहारों को खरीदने के लिए नीलामी में भाग लेने के लिए 5 हजार रुपये की राशि के साथ अपना पंजीकरण करा सकता है। अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री उपहार पोर्टल पर हर उपहार के साथ उसकी बेस राशि अंकित की गई है। कोई भी दानवीर निर्धारित राशि से ऊपर बोली लगाकर अपने सामर्थ्य अनुसार धनराशि भी दे सकता है और उपहार खरीद सकता है। रविवार से ही पोर्टल की शुरुआत हो गई है, जोकि 28 फरवरी तक जारी रहेगा। इसके बाद साल में तीन या चार बार पोर्टल को चरणबद्ध तरीके से दोबारा खोला जाएगा। पहले चरण में 51 उपहारों की नीलामी की जाएगी।
अम्बाला समेत 3 शहरों में हाेंगी माॅडर्न लाइब्रेरी
डॉ. अग्रवाल ने बताया कि प्रदेश की सभी पब्लिक लाइब्रेरियों की देखरेख का कार्य सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग को दिया गया है। पहले चरण में अम्बाला, करनाल व गुरुग्राम की पब्लिक लाइब्रेरी को आधुनिक किया जाएगा। यह कार्य एचएसआईडीसी द्वारा सीएसआर के तहत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज सूचना प्रौद्योगिकी युग में पाठकों का रुझान पुस्तकालयों में रखी किताबों की ओर कम होता जा रहा है। हर कोई मोबाइल या लैपटॉप पर ही पढ़ने में रुचि ले रहा है।












Click it and Unblock the Notifications