जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष अमिताभ चौधरी के अंतिम संस्कार में शामिल हुए सीएम हेमंत सोरेन
झारखंड क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) के पूर्व अध्यक्ष अमिताभ चौधरी बुधवार को पंचतत्व में विलीन हो गये. रांची के हरमू मुक्तिधाम में उनके पुत्र अभिषेक चौधरी ने उन्हें मुखाग्नि दी. इस दौरान उन्हें राजकीय सम्मान के साथ सशस्त्र सला
रांची, 18 अगस्त: झारखंड क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) के पूर्व अध्यक्ष अमिताभ चौधरी बुधवार को पंचतत्व में विलीन हो गये. रांची के हरमू मुक्तिधाम में उनके पुत्र अभिषेक चौधरी ने उन्हें मुखाग्नि दी. इस दौरान उन्हें राजकीय सम्मान के साथ सशस्त्र सलामी भी दी गयी. दिवंगत चौधरी को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई. रांची स्थित मुक्तिधाम में अमिताभ चौधरी के अंतिम संस्कार में सीएम हेमंत सोरेन भी शामिल हुए.

मुख्यमंत्री ने अमिताभ चौधरी के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने और शोक संतप्त परिजनों को यह वियोग सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की. मुख्यमंत्री दिवंगत चौधरी के पत्नी, पुत्र एवं पुत्री सहित अन्य परिजनों से मिले तथा उन्हें ढांढस बंधाया. मुख्यमंत्री ने दिवंगत चौधरी के परिजनों एवं शुभचिंतकों के प्रति संवेदनाएं प्रकट की. इस मौके पर मंत्री मिथिलेश ठाकुर, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर, विधायक विरंची नारायण सहित अन्य गणमान्य लोग एवं बड़ी संख्या में दिवंगत चौधरी के शुभचिंतक उपस्थित थे.
वहीं इससे पहले झारखंड क्रिकेट के सबसे बड़े शौ मैन कहे जाने वाले अमिताभ चौधरी को जेएससीए स्टेडियम में अभूतपूर्व श्रद्धांजलि दी गयी. बुधवार को सुबह दस बजे अमिताभ चौधरी के पार्थिव शरीर को अशोक नगर स्थित उनके आवास से धुर्वा स्थित जेएससीए स्टेडियम लाया गया. इसके बाद से श्रद्धांजलि देने के लिए दोपहर करीब ढाई बजे तक लोग जेएससीए स्टेडियम में उमड़ते रहे. अमिताभ चौधरी के पार्थिव शरीर को करीब ढाई बजे जेएससीए स्टेडियम से हरमू मुक्तिधाम ले जाया गया. हालांकि इससे पहले पार्थिव शरीर को लेकर सदस्यों ने पूरे स्टेडियम का चक्कर लगाया. जेएससीए के सदस्य जय सिन्हा ने बताया कि अमिताभ चौधरी को इस स्टेडियम से बड़ा लगाव था. वे अक्सर आकर अपने चैंबर में बैठकर खिड़की से स्टेडियम को निहारा करते थे.












Click it and Unblock the Notifications