बहादुरगढ़ : पूर्व सीएम ओपी चौटाला बोले, जब भी देश में राजनीतिक परिवर्तन हुए, इनेलो बनी है अगुवा
बहादुरगढ़। हरियाणा की राजनीति में बड़े बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। हरियाणा में सभी पार्टिय़ां विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गई है और खुद को दूसरे से बेहतर बताने में जुटी है। उसी क्रम में हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला ने पार्टी की तारीफ करते हुए कहा कि देश में जब भी राजनीतिक परिवर्तन हुए इनेलो उसकी अगुवा बनी है।

बहादुरगढ़ में एक सभा को संबोधित करते हुए ओपी चौटाला ने कहा कि 25 सितंबर को फतेहाबाद में स्व. चौधरी देवीलाल के जन्मदिवस पर होने वाली रैली में देश के प्रमुख नेता मंच पर होंगे और मौजूदा सरकार के कुशासन से जनता को छुटकारा दिलाने की तरफ कदम बढ़ाएंगे। चौटाला शुक्रवार को बहादुरगढ़ में पार्टी के वरिष्ठ नेता राजबीर परनाला की ओर से आयोजित सामाजिक कार्यक्रम में आए थे। यहां पर मौजूद लोगों को उन्होंने फतेहाबाद रैली का न्यौता दिया।
उन्होंने कहा कि जब भी देश में राजनीतिक परिवर्तन हुआ है तो हमारी पार्टी उसमें अगुवा रही है। इस बार भी ऐसा होगा। चौटाला बोले कि हर वर्ग के लोग मौजूदा सरकार से दुखी हैं। जब चुनाव होंगे तो निश्चित रूप से परिस्थितियां बदलेंगी। जो कमेरा वर्ग है उसके हाथों में देश की बागडोर होगी और जो लुटेरे हैं, उन्हें जेल की सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि हमारा कोई व्यक्तिगत स्वार्थ नहीं है, बल्कि जिस तरह से चौधरी देवीलाल ने देश-प्रदेश की सेवा की, उसी तरह से इनेलो उनके सपनों को साकार करने का संकल्प लेकर चल रही है। प्रदेश में इनेलो की सरकार बनेगी तो सभी बुनियादी सुविधाएं मिलेंगी। विकास को गति दी जाएगी। चौटाला ने कहा कि चौधरी देवीलाल ने बुजुर्गां के सम्मान के लिए पेंशन शुरू की थी, मगर इस सरकार ने तो वह पेंशन भी काट दी।












Click it and Unblock the Notifications