'अपने राज्य पर ध्यान दें हरीश राव', तेलंगाना के स्वास्थ्य मंत्री पर भड़के आंध्र प्रदेश के नेता
संगारेड्डी में औद्योगिक क्षेत्र में मजदूरों के एक समूह को संबोधित करते हुए हरीश राव ने कहा कि आंध्र प्रदेश के श्रमिकों ने भी तेलंगाना में मतदाता के रूप में नामांकन किया है।

कई महीनों के अंतराल के बाद, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के राजनेताओं के बीच टकराव देखने को मिला है। इसमें दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ मोर्चा खोल दिया और एक-दूसरे को चुनौती दी कि वे अपने राज्य में हुए विकास को जानें।
इस बीच तेलंगाना के स्वास्थ्य मंत्री टी हरीश राव के बयान पर मंगलवार को विवाद छिड़ गया। संगारेड्डी में औद्योगिक क्षेत्र में मजदूरों के एक समूह को संबोधित करते हुए हरीश राव ने कहा कि आंध्र प्रदेश के श्रमिकों ने भी तेलंगाना में मतदाता के रूप में नामांकन किया है और उन्हें अपने राज्य में मतदाता के रूप में बने रहने के लिए कहा है। उन्होंने आगे कहा कि आंध्र प्रदेश की तुलना में तेलंगाना कहीं ज्यादा विकसित है।
बुधवार को, हरीश राव की टिप्पणी का जवाब देते हुए, आंध्र प्रदेश के नागरिक आपूर्ति मंत्री करुमुरी वेंकट नागेश्वर राव ने कहा, 'तेलंगाना के नेता ने 'बकवास' बातें कही हैं और उन्हें मैं चुनौती देता हूं वे राज्य के किसी भी गांव का दौरा करें और यहां का विकास देखें। आओ और एक गांव का दौरा करो। हमारे स्कूलों के विकास, कल्याणकारी उपायों को देखें और फिर टिप्पणी करें। हैदराबाद में बारिश होने पर कई घर पानी में डूब जाते हैं।'
वहीं, वाईएसआरसी एमएलसी लैला अपिरेड्डी ने एक कदम आगे बढ़ते हुए कहा कि कलवकुंतला परिवार तेलंगाना को लूट रहा है। शिक्षा मंत्री बोत्चा सत्यनारायण ने भी हरीश राव को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि वह आंध्र प्रदेश के बारे में बात करने वाले कौन होते हैं। वह अपने राज्य पर ध्यान दें तो बेहतर है। राज्य के लोग हमारे शासन के बारे में जानते हैं और हरीश राव राजनीतिक लाभ लेने के लिए इस तरह की टिप्पणियां कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications