हरियाणा: दुष्यंत चौटाला बोले, बाढ़ से नुकसान का आंकलन कार्य जारी
हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने घोषणा करते हुए कहा है कि सोनीपत को प्रदेश का ऐसा पहला जिला बनाएंगे, जिसमें जमीन की रजिस्ट्री होने के दस दिन के भीतर ही इंतकाल आदि कागजात बनकर सीधे संबंधित व्यक्ति के घर पहुंच जाएंगे।
उन्होंने कहा कि इस दिशा में तीव्रता से कार्य किया जा रहा है। डिप्टी सीएम वीरवार को सोनीपत के खरखौदा हलके का दौरा कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने आधा दर्जन से अधिक गांवों में जनसभाओं को संबोधित किया।

उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए जानकारी दी कि राज्य सरकार ने उपायुक्तों को यह शक्ति दे दी है कि वे बाढ़ की स्थिति में घरों के लिए मुआवजा दे सकते हैं। साथ ही उन्होंने बताया कि फसल नुकसान का भी आंकलन करवाया जा रहा है।
उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि वे जननायक देवीलाल के सपनों को पूरा करने के लिए अंतिम व्यक्ति तक सरकारी सुविधाओं को पहुंचाने के लिए प्रयासरत हैं, जिसमें सफलता भी प्राप्त हो रही है। उन्होंने कहा कि बीते साढ़े तीन वर्षों में कोरोना काल रहा हो या किसान आंदोलन अथवा अन्य कोई आंदोलन रहे हों, वे कभी अपने जनसेवा के लक्ष्य से नहीं भटके।
उन्होंने कहा कि पहले मंडियों में किसान अपनी फसल बेचने के लिए कई-कई दिन तक रुके रहते थे और महीनों तक बेची गई फसलों का भुगतान नहीं मिलता था लेकिन अब तुरंत फसल की खरीद होती है और 72 घंटों के भीतर किसानों के खातों में सीधा भुगतान भी हो जाता है। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि अब किसान फसल खराबे की रिपोर्ट स्वयं ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल पर दर्ज करवा सकते हैं।
डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने कहा कि राशन कार्ड बनवाने के लिए अब दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ते बल्कि 1 लाख 80 हजार रुपये वार्षिक आय वाले व्यक्ति सीएससी से अपना कार्ड ले सकते हैं। उन्होंने बताया कि तालाबों की सफाई के लिए सैंकड़ों करोड़ रुपये बजट का आवंटन किया गया है। प्रदेश के 1400 तालाबों को ठीक किया जा चुका है। शेष तालाबों को भी आगामी वर्ष तक दुरुस्त करवायेंगे।












Click it and Unblock the Notifications