आवश्यकतानुसार सड़कों को चौड़ा और मजबूत करेंगे: दुष्यंत चौटाला
दुष्यंत चौटाला ने बताया कि हिसार जिला के सूरेवाला मोड़ से वाया टोहाना होते हुए पंजाब-हरियाणा बॉर्डर तक सड़क को उपलब्धता के आधार पर 10 मीटर चौड़ा (टू-लेन) किया जाएगा।

हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि प्रदेश में आवश्यकतानुसार सड़कों को चौड़ा और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सड़क ,परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के सेंट्रल रोड एंड इंफ्रास्ट्रक्चर फंड स्कीम के तहत राज्य की 11 सडकों और 11 पुलों को चौडा और मजबूतीकरण करने की मंजूरी मिल गई है जिन पर करीब 725 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इनके अलावा हिसार जिला के सूरेवाला मोड़ से लेकर पंजाब- हरियाणा बॉर्डर तक की सड़क को भी चौड़ा किया जाएगा जिस पर करीब 150 करोड़ खर्च होंगे।
डिप्टी सी.एम. ने बताया कि वे हाल ही में केंद्रीय सड़क ,परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी से मिले थे और हरियाणा से संबंधित विभिन्न सड़कों के प्रोजैक्ट्स को जल्द से जल्द स्वीकृत करने और राशि जारी करने का अनुरोध किया था, जिस पर उन्होंने सकारात्मक कदम उठाते हुए उनकी डिमांड के अनुसार कई सड़कों को चौड़ा करने और मजबूती करने के लिए मंजूर कर दिया है। ये प्रोजैक्ट्स सेंट्रल रोड एंड इंफ्रास्ट्रक्चर फंड स्कीम के तहत बनाए जाएंगे।
ये सड़कें हुई हैं मंजूर
दुष्यंत चौटाला ने बताया कि पानीपत-सफीदों-जींद रोड़ पर पानीपत से सफीदों तक रोड़ को फोरलेन किया जाएगा और सफीदों से जींद तक 10 मीटर चौड़ा किया जाएगा। इस 65 किलोमीटर की लम्बाई के रोड पर लगभग 184.44 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इसके अलावा जींद जिला में उचाना से लितानी तक 17.83 किलोमीटर लम्बाई के रोड को 7 मीटर तक चौड़ा करने और मजबूत करने पर 43.71 करोड़ रुपए खर्च होंगे।
हांसी-तोशाम रोड को हिसार जिला की सीमा तक किया जाएगा फोरलेन
उन्होंने बताया कि हांसी -तोशाम रोड को हिसार जिला की सीमा तक फोरलेन किया जाएगा, इस रोड पर स्थित 3 पुलों को भी चौड़ा और मजबूत किए जाने की मंजूरी मिली है, इन पर 60 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। कालांवाली-डबवाली रोड का चौड़ा और मजबूतीकरण 25.64 करोड़ से और वाया देसूजोधा रोड का 34.11 करोड़ से होगा। इसी प्रकार, दादरी-बौंद रोड तथा दादरी-चिडिय़ा गांव तक के रोड को 73.71 करोड़ व 62.30 करोड़ रुपए खर्च करके चौड़ा और मजबूत किया जाएगा।
करनाल-काछवा-सांबली-कौल रोड तथा इस पर दो पुलों को भी चौड़ा और मजबूत किया जाएगा
डिप्टी सी.एम. ने जानकारी दी कि करनाल -काछवा -सांबली -कौल रोड तथा इस पर दो पुलों को भी चौड़ा और मजबूत किया जाएगा, जिन पर 27.43 करोड़ रुपए की लागत आएगी। उन्होंने बताया कि करनाल जिला के असंध -कैथल रोड और इस पर दो पुलों का चौड़ाकरण और मजबूतीकरण किए जाने को मंजूरी दी गई है जिन पर 33.82 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इसी प्रकार असंध-सिरसल रोड और इस पर 4 पुलों का मजबूतीकरण होगा तथा चौड़ा किया जाएगा जिस पर कुल 49.90 करोड़ रुपए खर्च होंगे।
कैथल जिला में कैथल -पटियाला स्टेट हाईवे को फोरलेन किया जाएगा और चौड़ा किया जाएगा जिस पर 129.40 करोड़ रुपए खर्च होंगे। हिसार जिला के सूरेवाला मोड़ से वाया टोहाना होते हुए पंजाब -हरियाणा बॉर्डर तक सड़क को उपलब्धता के आधार पर 10 मीटर चौड़ा ( टू-लेन) किया जाएगा, इसके साथ -साथ पेवड -शोल्डर भी बनाया जाएगा। इस काम पर कुल 149.63 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंंगे। इस सड्क के चौड़ा होने से पंजाब की तरफ अपनी रिश्तेदारियों में आने-जाने वाले प्रदेश के लोगों को काफी सुविधा हो जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications