लघु उद्योगों की ओर बढ़ाएं कदम, आर्थिक मदद देगी सरकार: दुष्यंत चौटाला
सोनीपत, 17 फरवरी 2022: हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर बल दिया है। उन्होंने कहा कि इसके लिए गौशालाओं में लघु उद्योगों की स्थापना की जानी चाहिए, जिससे गौशाला की खुद की आमदनी हो सके। उन्होंने मुंडलाना गौशाला को भी इस दिशा में आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहन देते हुए घोषणा की कि लघु उद्योग स्थापित करने के लिए आर्थिक मदद सरकार देगी। उपमुख्यमंत्री ने बुधवार को बतौर मुख्य अतिथि ध्वजारोहण के साथ श्री कृष्ण वासुदेव गौशाला मुंडलाना के वार्षिकोत्सव का शुभारंभ किया।

डिप्टी सीएम ने हिसार और पिंजौर की गौशालाओं का उदाहरण देते हुए कहा कि अब गौशालाओं को स्वयं की आय अर्जन की ओर आगे बढ़ाना होगा। उन्होंने कहा कि हिसार के लाडवा की गौशाला साबुन व सर्फ बनाती है और गौमूत्र की पैकिंग भी कर बिक्री करती है। इसी तरह पिंजौर गौशाला में गौमूत्र व गोबर से पेंट बनाया जाता है। उन्होंने कहा कि वे नया गांव में बायोगैस प्लांट की स्थापना का सफल प्रयोग कर चुके हैं, जिससे निर्मित गैस से पूरे गांव को आपूर्ति की जाती है। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि मात्र 30 रुपये मासिक में एक घर को गैस की आपूर्ति दी जाती है और गांव के हर घर में पाइपलाइन के सहारे गैस पहुंचाई गई है। सुलर गांव में भी बायोगैस प्लांट स्थापित करवाया गया।
उपमुख्यमंत्री चौटाला ने प्रोत्साहन दिया कि मुंडलाना गौशाला में भी बायोगैस प्लांट लगवाएं। इस दिशा में यह गांव एक आदर्श गांव के रूप में स्थापित हो। इसके लिए एक कमेटी का गठन किया जाए जो कि हिसार व पिंजौर आदि गौशालाओं का अध्ययन कर लघु उद्योग की ओर कदम बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि लघु उद्योग स्थापना के लिए पैसा वे देंगे। यहां गौवंश भी है और जमीन भी है। ऐसे में यहां संभावनाएं अपार हैं।
उन्होंने गौशाला में शैड निर्माण की मांग को भी सहर्ष स्वीकारा। साथ ही उन्होंने कहा कि पेयजल की आपूर्ति के लिए ट्यूबवेल स्थापित करवाया जाएगा। पशु अस्पताल की स्थापना की मांग पर उन्होंने कहा कि वे जांच कराएंगे, यदि नजदीक ही कोई पशु अस्पताल नहीं होगा तो इसकी स्थापना यहां करवाएंगे।
इससे पहले उपमुख्यमंत्री ने मुंडलाना स्थित श्री कृष्ण वासुदेव गौशाला में नव-निर्मित मंदिर का भी लोकार्पण किया। उन्होंने गौशाला परिसर में स्थापित बाबा रामकिशन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन भी किया।
इस मौके पर आयोजित रक्तदान शिविर का अवलोकन करते हुए उन्होंने रक्तदाताओं को प्रोत्साहित करते हुए नियमित रूप से रक्तदान पर बल दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि कोई एक व्यक्ति अथवा संस्था से गौशाला का संचालन नहीं कर सकते। इसके लिए समाज का सहयोग अपेक्षित है इसलिए सभी गौशालाओं के संचालन में सामर्थ्य अनुसार हर संभव सहयोग दें।












Click it and Unblock the Notifications