किसानों के उत्पादों को ऑनलाइन मार्केट देने पर फ्लिपकार्ट करें काम: दुष्यंत चौटाला
कृषि उत्पादों को बढ़ावा देने और किसानों के उत्पादों को ऑनलाइन मार्केट मुहैया करवाने का सुझाव हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने फ्लिपकार्ट को दिया। उन्होंने कहा कि आधुनिक खेती करने वालों किसानों से उत्पाद खरीद कर ई-कॉमर्स के जरिए लोगों को ताजा फल, सब्जियां, दूध आदि उपलब्ध करवाया जा सकता है।
दरअसल, डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला शुक्रवार को फ्लिपकार्ट के क्षेत्रीय वितरण केंद्र के भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल होने गुरुग्राम के पातली हाजीपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा, गुरुग्राम में फ्लिपकार्ट के क्षेत्रीय वितरण केंद्र शुरू होने के साथ ही हरियाणा की धरती पर लॉजिस्टिक के क्षेत्र में मॉडर्न आधुनिक तकनीक का एक नया अध्याय शुरू होने जा रहा है।

दुष्यंत चौटाला ने कहा कि ई-कॉमर्स बाजार के बढ़ते स्वरूप के चलते लॉजिस्टिक क्षेत्र में दिन प्रतिदिन कुशल कार्यबल की मांग बढ़ रही है और ऐसे में बेहतर है कि फ्लिप्कार्ट प्रबंधन आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में हरियाणा सरकार द्वारा संचालित राजकीय औद्योगिक इकाइयों के साथ करार कर अपनी सुविधा व जरूरत के हिसाब से कुशल कार्यबल तैयार कर सकता है।
डिप्टी सीएम ने कहा कि कोई भी औद्योगिक संस्थान अपनी जरूरत के अनुरूप आईटीआई में विभिन्न कोर्सेज की भी शुरुआत कर सकता है। अपने संबोधन के दौरान डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने कहा कि हरियाणा में फ्लिपकार्ट ऐसी प्रमुख कंपनी है जिसने अपने यहां 75 प्रतिशत स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराकर हरियाणा सरकार की निजी क्षेत्र की नौकरियों में प्रदेश के युवाओं को 75 फीसदी आरक्षण की व्यवस्था को प्राथमिकता के साथ अपनाया है।
उन्होंने पातली हाजीपुर में बनने वाले क्षेत्रीय वितरण केंद्र का उल्लेख करते हुए कहा कि यह हरियाणा के इतिहास में ऐसा पहला सिंगल फैसिलिटी केंद्र होगा जहां एक साथ हजारों लोगों को रोजगार उपलब्ध होगा। डिप्टी सीएम ने कहा कि फ्लिपकार्ट शहरों के साथ-साथ उत्पादों की हरियाणा के ग्रामीण क्षेत्र तक भी फास्ट डिलीवरी करने की व्यवस्था पर फोकस करें, इसके लिए जिलों में सब सेंटर बनाएं जाएं ताकि ग्रामीण क्षेत्र उससे कवर हो सके।
दुष्यंत चौटाला ने फ्लिपकार्ट को कृषि उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए किसानों के उत्पादों को ऑनलाइन मार्केट मुहैया करवाने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि आधुनिक खेती करने वालों किसानों से उत्पाद खरीद कर ई कॉमर्स के जरिए लोगों को ताजा फल, सब्जियां, दूध आदि उपलब्ध करवाया जा सकता है।
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि किसानों के उत्पादों को जल्द बेहतर मार्केट दिलाने में फ्लिपकार्ट सहयोग करें ताकि फ्लिपकार्ट और सरकार मिलकर यह बड़ी उपलब्धि हासिल कर सके। उन्होंने कहा कि इससे किसानों को भी नई सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार और फ्लिपकार्ट कंपनी मिलकर आने वाले समय में हर जिले में ऐसा आधारभूत ढांचा तैयार कर दें कि उससे हमारे प्रदेश के उपभोक्ताओं और उत्पादकों को बेहतर सुविधा मिल सके।












Click it and Unblock the Notifications