शिक्षा सबसे शक्तिशाली, ज्ञान सही रास्ता दिखाने में करता है मदद: दुष्यंत चौटाला
Haryana News: शिक्षा सबसे शक्तिशाली हथियार है जिसका उपयोग आप दुनिया को बदलने के लिए कर सकते हैं। शिक्षा ही आधुनिक समाज में आर्थिक और सामाजिक रूप से जीवन की गुणवत्ता में सुधार करने के लिए उपकरण प्रदान करती है, शिक्षा व्यक्ति के पूरे जीवन को बदलने की ताकत रखती है। यह बात हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने रविवार को जींद में पीएम श्रीजवाहर नवोदय विद्यालय में आयोजित वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह में बतौर मुख्यातिथि विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कही।
डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने कहा कि समाज अलग-अलग तरह के लोगों से मिलकर बनता है और हर किसी की मानसिकता भी काफी अलग-अलग होती है। उन्होंने कहा कि एक शिक्षित व्यक्ति बेहतर तरीके से सही मार्ग का मार्गदर्शन कर सकता है, वह विभिन्न प्रकार के विचारों के साथ आ सकता है जो राजनीतिक भागीदारी, सामाजिक समानता या पर्यावरणीय स्थिरता से संबंधित हो सकते हैं।

दुष्यंत चौटाला ने कहा कि यह बिल्कुल स्पष्ट है कि ज्ञान की शक्ति व्यक्ति को सही रास्ते पर चलने, सही निर्णय लेने में मदद कर सकती है। उन्होंने अपने विद्यार्थी जीवन का जिक्र करते हुए कहा कि होस्टल में रहने के बाद विद्यार्थी जीवन में साथियों के प्रति अपनापन का अनुभव होता है, भाईचारे के साथ-साथ समरसता को भी बढ़ावा मिलता है।
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि आज ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों में भी प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र से ही बच्चें स्कूलों में पहुंचकर अपनी प्रतिभा की पहचान बना रहे है। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि जवाहर नवोदय विद्यालय के विद्यार्थी जहां पढाई के क्षे़त्र में अपनी पहचान बनाए हुए है, वही खेलों में भी अग्रणी पंक्ति में खड़े नजर आते है।
डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने स्कूल की संस्था को आश्वासन देते हुए कहा कि जल्द ही सांस्कृतिक कार्य के लिए नवोदय स्कूल का सीआरएसयू या किसी अन्य विश्वविद्यालय से एमओयू करवाया जाएगा, जिससे स्कूल के बच्चों में पढाई के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों में निखार आएगा। उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि विद्यार्थियों के आवासों को वातानुकूल बनाने के लिए आवश्यकता अनुसार एसी उपलब्ध करवाएं जाएंगे।
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि सरकार द्वारा बच्चों के लिए शिक्षा के साथ ही अपना करियर चुनने के लिए अवसर प्रदान किए जाते है और इसके लिए स्कूल की इच्छा अनुसार हरियाणा कला परिषद या किसी अन्य एजेंसी की सहायता से थियेटर जैसी कलांए भी बच्चों को सिखाई जा सकती है, जिसमें बच्चे हिन्दी और अंग्रेजी में नाटक तैयार कर ज्ञान अर्जित कर सकते है।
कार्यक्रम से पहले डिप्टी सीएम ने ऐतिहासिक धरोहर राजा की कोठी का भी निरीक्षण दौरा करते हुए कहा कि ऐतिहासिक धरोहरों को बचाए रखना सरकार के साथ-साथ हम सब की जिम्मेदारी बनती है, इसके लिए इस धरोहर की सप्ताह मे एक बार श्रमदार कर इसकी साफ-सफाई करनी चाहिए। इस अवसर पर जुलाना के विधायक अमरजीत ढांडा, सीआरएस विश्वविद्यालय के वाईस चांसलर रणपाल श्योकंद आदि मौजूद रहे।












Click it and Unblock the Notifications