दुष्यंत चौटाला बोले- 11 महीने में 16 प्रतिशत वोट लिए थे, अब 35-40 % करने का लक्ष्य
हांसी व नारनौंद में एक दिवसीय दौरे के दौरान डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने कहा कि अगर पूरे प्रदेश में राज करना है तो अभी से ही तैयारियों में लगना होगा। इस बार मेहनत ज्यादा करनी होगी। पिछले विधानसभा चुनाव में जननायक जनता पार्टी ने 11 महीने मेहनत की थी तो 16 प्रतिशत वोट हासिल हुए थे।
अब पार्टी को साढे़ चार वर्ष हो चुके हैं तो 35 से 40 प्रतिशत मत प्राप्त करने का लक्ष्य है। डिप्टी सीएम ने कहा कि बीरेंद्र सिंह से लिखवा कर ले लो, मैं फ्रेम करवा कर रख लूंगा। वहां से ही चुनाव लडूंगा तो उनको दे दूंगा।

नारनौंद में जजपा विधायक रामकुमार गौतम के मुखर होने के बाद डिप्टी सीएम दुष्यंत इस सीट पर लगातार फोकस रहे हैं। एक माह में यह उनका दूसरा दौरा है। हांसी में भी जजपा प्रत्याशी राहुल मक्कड़ दूसरे नंबर पर रहे थे, जिस कारण जजपा ने हांसी पर भी तैयारी शुरु कर दी है।
दुष्यंत चौटाला ने मंगलवार को राहुल मक्कड़ के आवास पर मीडिया से बातचीत में कहा कि यहां के लोगों को पार्टी पर कम भरोसा था, पता होता कि जजपा पार्टी 10 सीटें जीत रही है तो हांसी के लोग राहुल मक्कड़ को भी जीता कर भेजते। इस बार प्रत्येक बूथ पर एक बूथ योद्धा तथा एक बूथ सखी नियुक्त करने का काम किया जाएगा।
इस दौरान मंच पर डिप्टी सीएम ने कहा कि किसान आंदोलन हो या फिर पहलवानों का आंदोलन हर बात के लिए जजपा को जिम्मेदार ठहराते हैं। टोल प्लाजा पर बैठकर हमारे खिलाफ राजनीति करते हैं। इससे पार्टी कमजोर नहीं हुई। उन्होंने कहा कि इन आंदोलनों में जो बहक गए हैं उन्हें भी वापस लाना है।
जीत के चार मंत्र
डिप्टी सीएम ने कहा कि चुनाव के लिए सिर में ठंड रखनी होगी । मुंह से मीठे बोल होने चाहिएं। पांव की रफ्तार तेज करनी होगी। पार्टी का प्रचार किसी कीमत पर नहीं रुके। इन चार मंत्र के साथ कार्यकर्ताओं को एक्टिव होना पड़ेगा।












Click it and Unblock the Notifications