JJP कार्यकर्ता मिशन 2024 में जुट जाए, दुष्यंत चौटाला ने कहा- पार्टी की नीतियों का प्रचार-प्रसार करके बनाएं हवा
Haryana News: जननायक जनता पार्टी (JJP) नए साल की शुरुआत के साथ ही अपना चुनावी अभियान शुरु कर दिया है। इसी साल होने वाले लोकसभा और हरियाणा विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज कराने के मकसद से पार्टी कार्यकर्ताओं को तैयार रहने के लिए कहा है। इतना ही नहीं, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय सिंह चौटाला ने कहा है कि कार्यकर्ता संगठन की ताकत को बढ़ाएं, अगर कहीं कोई कमी रही है तो उसकी आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनाव से पहले-पहले भरपाई करें।
यह बात उन्होंने रविवार 7 जनवरी को करनाल की नवसंकल्प रैली को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी की नीतियों और सरकार के कार्यों का प्रचार-प्रसार करके जेजेपी की हवा बनाएं। ताकि, जिस वक्त चुनाव हो तो उसमें ये हवा तूफान में परिवर्तित होकर जनता को गुमराह करने वाले विरोधियों को उखाड़ फेंकना का काम कर सके। इतना ही नहीं, उन्होंने कहा कि राज्य में हिस्सेदारी होने से ही आज जेजेपी ने विपरीत परिस्थितियों के बावजूद अनेक जन कल्याणकारी चुनावी घोषणाओं को कानूनी तौर पर अमलीजामा पहनाया है।

हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने कहा कि गठबंधन सरकार ने पिछले चार सालों में प्रत्येक वर्ग के हित में अनेक ऐतिहासिक कदम उठाए है और उसकी बदौलत आज हरियाणा प्रगति के पथ पर निरंतर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवाएं जैसे पीले राशन कार्ड, बुढ़ापा पेंशन, जाति, जन्म व रिहायशी प्रमाण पत्र आदि को घर द्वार तक आसानी से उपलब्ध करवाया है। कहा कि मौजूदा सरकार ने किसानों की फसल खरीद एवं भुगतान की प्रक्रिया को बेहतर किया है, जिससे किसान और आढ़ती दोनों को लाभ पहुंचा है।
कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बाढ़ से आई रेत के कारण किसानों की समस्या के समाधान के लिए विशेष पॉलिसी बनाई। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि आज महिलाओं को पंचायती राज में 50 प्रतिशत आरक्षण और राशन डिपो में 33 प्रतिशत हिस्सेदारी, बीसीए वर्ग को पंचायतों में आठ प्रतिशत आरक्षण, एससी कर्मचारियों के प्रमोशन में 20 प्रतिशत आरक्षण, गांवों के विकास के लिए पंचायतों को प्रति व्यक्ति दो हजार रुपए, डिजिटल लाइब्रेरी, सामुदायिक भवन, सड़कों के निर्माण के लिए विधायकों को 25-25 करोड़ रुपए देने जैसे अनेक कार्य राज में हिस्सेदारी के कारण संभव हुए।
उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में 11 एक्सप्रेस वे, 35 नेशनल हाईवे का मजबूत सड़क नेटवर्क है और इसकी बदौलत आज नए-नए उद्योग जैसे खरखौदा में मारूति प्लांट, मेवात में बड़ी मोबाइल बैटरी की उत्पादन यूनिट हरियाणा में स्थापित हो रहे है जबकि पूर्व कांग्रेस सरकार में उद्योगों को हरियाणा से पलायन करना पड़ा। दुष्यंत चौटाला ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार इन कार्यों का ज्यादा से ज्यादा प्रचार-प्रसार करें ताकि आमजन इन सभी कार्यों को जाने और उन्हें कांग्रेस के दुष्प्रचार का पता चले।
उन्होंने यह भी आह्वान किया कि पार्टी कार्यकर्ता जेजेपी के बूथ योद्धा, बूथ सखी, सदस्यता अभियान आदि कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक पूरा करें और जेजेपी को प्रदेश का सबसे मजबूत और बड़ा संगठन बनाने के लिए जुट जाए। रैली को संबोधित करते हुए जेजेपी प्रदेश अध्यक्ष सरदार निशान ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत के बदौलत आज जेजेपी ने कई मुकाम हासिल किए है। उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनाव में ज्यादा समय नहीं बचा है इसलिए पार्टी कार्यकर्ता मिशन दुष्यंत 2024 में जुट जाएं। निशान सिंह ने कहा कि कार्यकर्ता घर-घर जाकर पार्टी की नीतियों और उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला द्वारा करवाए गए विकास कार्यों का प्रचार-प्रसार करें।












Click it and Unblock the Notifications