अधिवक्ता समाज कल्याण की ओर कदम बढ़ाते हुए गरीबों को दें फ्री कानूनी मदद: दुष्यंत चौटाला
चंडीगढ़, 17 फरवरी 2022। उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने अधिवक्ताओं से आह्वान किया कि वे समाज कल्याण की दिशा में स्वयं को एक उदाहरण के रूप में स्थापित करें। इसके लिए हर अधिवक्ता संकल्प लें कि वह गरीब लोगों की कानूनी लड़ाई लड़ने के लिए कोई पैसा नहीं लेगा। जरूरतमंदों का कम से कम एक मुकदमा निशुल्क रूप से लडेंगे। वे गन्नौर बार एसोसिएशन के अभिनंदन समारोह में उपस्थित बार सदस्यों को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।

दुष्यंत चौटाला ने कहा कि अधिवक्तागण एक बड़ी सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हैं, जिसके तहत वे लोगों की हर प्रकार की छोटी-बड़ी समस्याओं का समाधान करवाते हैं। इस दिशा में उन्हें एक कदम ओर आगे बढ़ाना चाहिए, जिसके अंतर्गत उन्हें गरीब लोगों के कानूनी मुद्दों को मुफ्त में लड़नी चाहिए। यह ऐसी मिसाल बने कि अन्य बार एसोसिएशनों के सदस्य भी इसका अनुकरण करें।
उपमुख्यमंत्री ने मॉडर्न लाइब्रेरी के निर्माण की मांग को स्वीकार करते हुए हिसार बार की लाइब्रेरी के अनुकरण पर बल दिया। उन्होंने कहा कि लाइब्रेरी में पुस्तकों के साथ ई-लाइब्रेरी की सुविधा भी होनी चाहिए। डिजिटल लाइब्रेरी समय की मांग है। साथ ही रिसर्च सेंटर व कोचिंग की सुविधा भी आवश्यक है। इसके लिए 9-10 लाख रुपये की जरूरत होगी जो वें देंगे। साथ ही उन्होंने इंटरनेट की आवश्यकता को भी स्वयं संज्ञान में लेते हुए कहा कि पूरी बार तथा चैम्बरों को वाई-फाई की सुविधा दी जाएगी। इसके लिए उन्होंने बजट बनाकर प्रेषित करने के निर्देश दिए। डिप्टी सीएम ने भरोसा दिया कि वे अधिवक्ताओं को हर संभव मदद सरकार की ओर से दिलवाएंगे। यदि किसी अधिवक्ता साथ के साथ कोई अनहोनी होती है तो बार प्रधान केस बनाकर भेजे, जिसमें सरकार की ओर से आर्थिक सहायता दी जाएगी।
खरखौदा आने वाले दिनों में होगा औद्योगिक हब
पत्रकारों के सवाल का जवाब में उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि खरखौदा स्थित आईएमटी में 900 एकड़ भूमि पर भारत की सबसे बड़ी मोटर वाहन कंपनी मारुति अपना कारखाना लगाने जा रही है। जिसके लगने से यह क्षेत्र आने वाले दिनों में औद्योगिक क्षेत्र बनकर भारत में अपनी अलग पहचान बनाएगा। उन्होंने कहा कि मारुति के साथ-साथ अनेक और भी मल्टीनेशनल कंपनियां यहां आने में अपनी दिलचस्पी दिखा रही है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यहां पर औद्योगिक हब बनने के बाद रोजगार के लाखों अवसर पैदा होंगे जिससे यहां के युवाओं की जिंदगी में परिवर्तन आ जाएगा क्योंकि उन्हें अपने घर के पास ही अच्छी नौकरी मिल जाएगी। उपमुख्यमंत्री बुधवार को हरियाणा सरकार में चेयरमैन पवन खरखौदा के भतीजे की बिमारी के चलते हुए निधन पर शोक सभा में शामिल होकर शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाने उनके घर खरखौदा पहुंचे थे।












Click it and Unblock the Notifications