राजस्थान में मिली कामयाबी से INSO उत्साहित, दिग्विजय चौटाला की हुंकार- अगला लक्ष्य चंडीगढ़ छात्र संघ चुनाव
राजस्थान में मिली कामयाबी से INSO उत्साहित, दिग्विजय चौटाला की हुंकार- अगला लक्ष्य चंडीगढ़ छात्र संघ चुनाव। digvijay chautala inso chandigarh student union election
चंडीगढ़, 28 अगस्त : राजस्थान में अपने पहले ही चुनाव में मजबूत आगाज से उत्साहित जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) का छात्र संगठन INSO चंडीगढ़ में होने वाले पीयू व कॉलेजों के छात्र संघ चुनावों की तैयारियों में जुट गया है। जेजेपी प्रधान महासचिव एवं INSO पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला ने कहा कि अब हमारा अगला लक्ष्य पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ है।

उन्होंने कहा कि पंजाब यूनिवर्सिटी व इसके कॉलेजों में INSO छात्रों के बीच रहकर कार्य कर रही है इसलिए INSO का आधार बहुत मजबूत है। दिग्विजय ने कहा कि कोरोना काल में काउंसिल के चुनाव नहीं हुए लेकिन फिर भी INSO लगातार छात्रों के बीच कार्य करती रही और इसका फायदा INSO को छात्र संघ के चुनाव में जरूर मिलेगा।
INSO ने पीयू छात्रसंघ चुनाव की तैयारियों को लेकर 29 अगस्त को चंडीगढ़ में INSO की दो महत्त्वपूर्ण बैठकें भी बुलाई हैं। INSO द्वारा सोमवार को दोपहर 12 बजे चंडीगढ़ के कॉलेजों की INSO इकाई की बैठक और दोपहर एक बजे पीयू इकाई की बैठक आयोजित की गई है जिसमें सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।
बैठक में जेजेपी प्रधान महासचिव दिग्विजय चौटाला वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ मिलकर आने वाले छात्र संघ चुनाव को लेकर रणनीति बनाएंगे और चुनाव जीतने के लिए INSO पदाधिकारियों को मूल मंत्र देंगे। बैठक की अध्यक्षता INSO राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदीप देशवाल करेंगे। इस अवसर पर अनेक दूसरे संगठनों के छात्र नेता INSO की सदस्यता भी लेंगे। बैठकों के बाद जेजेपी प्रधान महासचिव कार्यकर्ताओं से चंडीगढ़ स्थित कार्यालय में मुलाकात कर उनकी समस्याओं का निवारण भी करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications