धर्मेंद्र प्रधान ने ओडिशा के गौरव को पुनर्जीवित करने के लिए UAE में उड़िया प्रवासियों से किया आह्वान
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने संयुक्त अरब अमीरात में उड़िया प्रवासियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने संयुक्त अरब अमीरात के प्रवाशियों से ओडिशा को एक प्रगतिशील राज्य बनाने की जिम्मेदारी लेने का आह्वान किया है।
संयुक्त अरब अमीरात के ओडिया समुदाय द्वारा आयोजित एक विशेष कार्यक्रम को संबोधित करते हुए धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि ओडिशा के लोगों में दुनिया का नेतृत्व करने के सभी गुण हैं और उन्होंने इसे अतीत में साबित भी किया है।

उन्होंने कहा कि प्राचीन कलिंग आर्थिक रूप से समृद्ध था, क्योंकि इसके लोगों को दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के साथ समुद्री व्यापार में विशेषज्ञता प्राप्त थी। एक कार्यदिवस में बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त करते हुए शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि यह उनके लिए बहुत सम्मान की बात है।
उन्होंने कहा कि जब मैं विदेश में उड़िया लोगों को देखता हूं, तो मेरा आत्मविश्वास बढ़ जाता है। यह मेरे लिए गर्व की बात है कि यूएई में ओडिया समुदाय दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ावा देने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास कर रहा है।
ओडिया समुदाय के साथ प्रधान की बातचीत संयुक्त अरब अमीरात के भारतीय दूतावास में हुई और इस अवसर पर सांस्कृतिक प्रदर्शन और ओडिशा के कलाकारों की समृद्ध प्रतिभा को प्रदर्शित करने वाली एक प्रभावशाली पेंटिंग प्रदर्शनी आयोजित की गई। इस आयोजन का एक मुख्य आकर्षण एक शानदार पेंटिंग प्रदर्शनी थी, जिसमें ओडिशा के निपुण कलाकारों की कलाकृतियां प्रदर्शित थीं।
धर्मेंद्र प्रधान ने अबू धाबी में निर्माणाधीन बीएपीएस हिंदू मंदिर का भी दौरा किया। स्वामीनारायण संप्रदाय के प्रमुख स्वामी ब्रह्मविहारी दास ने उन्हें निर्माण स्थल का दौरा कराया और मंदिर की विभिन्न विशेषताओं और अब तक की प्रगति के बारे में बताया।












Click it and Unblock the Notifications