ओडिशा सरकार ने 50 करोड़ की विकास योजनाओं की दी मंजूरी: अश्विनी पात्रा
भुवनेश्वर, 19 जुलाई। ओडिशा विधानसभा में सोमवार को राज्य सरकार ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास के लिए 50 करोड़ रुपये से अधिक की 13 बुनियादी ढांचागत परियोजनाओं की पहचान कर ली गई है। कोटिया ग्राम पंचायत में अब तेजी से विकास किया जाएगा। ओडिशा की बीजेडी सरकार में मंत्री अश्विनी पात्रा ने कहा कि 18.5 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से डोलियाम्बा से निरिंगीपदार और कोटिया से देवमाली से कटरागुडा तक नई सड़कों का निर्माण किया जाएगा।

राजस्व मंत्री अश्विनी पात्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने कोटिया गांवों के समग्र विकास के लिए 100 करोड़ रुपये के विशेष पैकेज की घोषणा की है। मुख्य सचिव सुरेश महापात्रा के नेतृत्व में वरिष्ठ नौकरशाहों की एक टीम ने कोरापुट जिले की पंचायत का दौरा कर लोगों की समस्याओं का सर्वे कर लिया है। मंत्री ने कहा कि विकास आयुक्त की अध्यक्षता में 17 जुलाई को हुई एक उच्च स्तरीय बैठक में किए गए विकास कार्यों की समीक्षा की गई। वर्तमान में 13 परियोजनाओं की पहचान की गई है जिस पर जल्द ही कार्य शुरू होगा।
मंत्री ने कहा कि 18.5 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से डोलियाम्बा से निरिंगीपदार और कोटिया से देवमाली से कटरागुडा तक नई सड़कों का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि मडकर-फतुसिनेरी, पोट्टांगी-नेरेडीबालासा, कोटिया-तडीबालासा और कुरुदीपदार-गलीगबदार सड़कों के नवीनीकरण के लिए 7.76 करोड़ रुपये का अनुमान लगाया गया है। स्ट्रॉबेरी की खेती के विस्तार पर जहां 3 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, वहीं कोटिया झाड़ू के व्यावसायीकरण और घरेलू पशुओं के पालन के लिए 1.98 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
ये भी पढ़ें: 'हम कहते रहे भर्ती करो...वो बोले दर्द में नहीं और हो गई डिलीवरी', दिल्ली के अस्पताल की लापरवाही
कोटिया क्षेत्र में क्रियान्वयन के लिए जिन अन्य योजनाओं की पहचान की गई है उनमें बिजली आपूर्ति में सुधार, 690 बीजू पक्के मकानों का निर्माण, पेयजल आपूर्ति, सिंचाई, पशुधन निरीक्षक कार्यालय और क्वार्टर का निर्माण शामिल है। बैठक में पर्यटन के विकास और हेलीपैड के निर्माण के लिए 4 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई। पात्रा ने कहा कि विशेष पैकेज के तहत एक पुलिस स्टेशन, स्वास्थ्य केंद्र और आदर्श विद्यालय को कार्यात्मक बनाया गया है।












Click it and Unblock the Notifications