दिल्ली का 'Water' एक्शन प्लान, डिमांड के आधार पर होगा तैयार: सौरभ भारद्वाज
दिल्ली में आगामी गर्मियों के मौसम में पानी की मांग में बढ़ोत्तरी को लेकर सौरभ भारद्वाज ने अधिकारियों को जल आपूर्ति में बढ़ोतरी और सुधार करने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।

Water Action Plan: दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने आज पानी के बिल की शिकायतों और जलापूर्ति में सुधार के मुद्दों पर विधानसभा स्तर पर चर्चा करने के लिए डीजेबी मुख्यालय में अलग-अलग क्षेत्र के विधायकों के साथ बैठक की।बैठक में विधायकों की तरफ से पानी के बिल से जुड़ी शिकायतों की वजह से लोगों को हो रही दिक्कतों का मुद्दा उठाया गया। विधायकों की तरफ से बताया गया कि उनको पानी के बिल से जुड़ी शिकायतें मिल रही हैं।
पानी के बिल संबंधी शिकायतों का जल्द निपटारे का निर्देश
बैठक में विधायकों ने बताया गया कि कई जगह पर मीटर रीडर घर जाकर मीटर रीडिंग चेक नहीं कर रहे हैं। इन शिकायतों को डीजेबी उपाध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने गंभीरता से लिया और संबंधित अधिकारियों से जवाब मांगा। अधिकारियों की तरफ से बताया गया कि कई जगह प्राइवेट कंपनियों के मीटर रीडर मीटर रीडिंग के काम में लापरवाही बरत रहे हैं। सौरभ भारद्वाज ने अधिकारियों को ऐसी प्राइवेट कंपनियों के खिलाफ नोटिस जारी कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
डिमांड के हिसाब से तैयार होगा वाटर एक्शन प्लान
बैठक में शामिल विधायकों की तरफ से आगामी गर्मियों के मौसम में पानी की मांग में बढ़ोत्तरी की संभावना व्यक्त की गई। डीजेबी उपाध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने इस मुद्दे पर अधिकारियों को पानी की आपूर्ति में बढ़ोतरी और सुधार करने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों से आने वाले वक्त में संभावित पानी की बढ़ती डिमांड के हिसाब से एक्शन प्लान तैयार करने का निर्देश दिया। बैठक में नांगलोई, तिमारपुर, मटियाला, देवली विधानसभा, आर. के. पुरम, मुस्तफाबाद, किराड़ीऔर बुराड़ी विधानसभा के विधायक और दिल्ली जल बोर्ड के आला अधिकारी भी मौजूद रहे। इस दौरान डीजेबी के उपाध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने अधिकारियों को जनता से जुड़ी पानी और सीवर की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान करने के सख्त निर्देश दिए।












Click it and Unblock the Notifications