दिल्ली के विकास के लिए CII के साथ काम करेगी सरकार:सीएम अरविंद केजरीवाल
सीएम केजरीवाल ने कहा है कि दुबई शॉपिंग फेस्टिवल की तरह दिल्ली में भी एक बड़ा फेस्टिवल किया जाएगा। इस तरह के आयोजन से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। दिल्ली की अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को दिल्ली सचिवालय में द कॉन्फडेरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (सीआईआई) के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। दिल्ली सरकार सीआईआई के साथ मिलकर काम करेगी। बैठक में दिल्ली के विकास, प्रदूषण कम करने, कौशल विकास और रोजगार बढ़ाने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। सीआईआई ने मुख्यमंत्री को प्रदूषण कम करने के लिए क्लाउड तकनीक से बारिश का सुझाव दिया है। नए उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए औद्योगिक और व्यवसायिक भूमि के सर्किल रेट कम करने की भी अपील की।
क्लाउड तकनीक से बारिश के प्रस्ताव पर केजरीवाल ने कहा कि चीन और दुबई में क्लाउड सिडिंग तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। उसी तर्ज पर दिल्ली में खासकर ठंड के तीन महीने के दौरान इसकी संभावना पर काम करेंगे। प्रदूषण कम करने के लिए सरकार काम कर रही है। ठंड में पंजाब से आने वाले पराली के धुंए को कम करने पर काम चल रहा है। उम्मीद है कि अगले साल तक धुंआ आना बंद हो जाएगा। सीआईआई ने सड़कों के सौंदर्यीकरण में सीएसआर फंड से सहयोग करने की बात कही है।

पर्यटन उत्सव का प्रस्ताव रखा
सीआईआई ने दिल्ली में एक पर्यटन उत्सव का भी प्रस्ताव रखा। इस पर केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली सरकार इंडस्ट्री और मार्केट के साथ मिलकर एक बड़ा फेस्टिवल करना चाहती है। दुबई शॉपिंग फेस्टिवल की तरह दिल्ली में भी एक बड़ा फेस्टिवल किया जाएगा। इस तरह के आयोजन से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। दिल्ली की अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी।












Click it and Unblock the Notifications