Delhi: सफाई कर्मचारी से मारपीट, AAP ने किया प्रदर्शन

लक्ष्मी नगर के विधायक अभय वर्मा और भाजपा के कार्यकर्ताओं द्वारा सफाई कर्मचारी के साथ मारपीट करने के विरोध में पश्चिमी गुरु अंगद नगर में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन जारी है। प्रदर्शन के दौरान उन्होंने अभय वर्मा के खिलाफ नारेबाजी की। इस मौके पर शांति बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे।
लक्ष्मीनगर विधानसभा क्षेत्र में कार्यरत सफाई कर्मचारी अमित की पिटाई के मामले में नगर निगम और दिल्ली सफाई कर्मचारी आयोग ने पुलिस उपायुक्त अमृता गुगुलोथ को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है।
नगर निगम शाहदरा दक्षिणी जोन के सहायक आयुक्त रूबल सिंह ने अपने पत्र में कहा है कि विधायक अभय वर्मा के साथ पहुंचे कुछ लोगों ने सफाई कर्मचारी अमित के साथ मारपीट की है। इसका एक वीडियो संज्ञान में आया है। अमित निगम के कर्मचारी हैं। इसलिए सरकारी कर्मचारी के साथ हुई घटना में तत्काल एफआइआर दर्ज की जाए। वहीं सफाई कर्मचारी आयोग के चेयरमैन संजय गहलोत ने भी उपायुक्त को पत्र लिखकर इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
उन्होंने कहा कि मारपीट के साथ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया गया है। इससे सफाई कर्मचारियों में जबरदस्त आक्रोश है। उन्होंने सफाई कर्मचारियों से अपील की है कि अभी कोई आंदोलन जैसा कदम न उठाएं। आयोग इस पर सख्त कार्रवाई करेगा। पुलिस से कार्रवाई करवाई जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications