दत्तात्रेय-चौटाला ने रवाना की जोशी मठ के लिये राहत सामग्री
दत्तात्रेय और चौटाला ने काला अम्ब स्थित मराठा शौर्य स्मारक से राहत सामग्री से भरे ट्रक झंडी दिखाकर रवाना किये।

हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय और उप-मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने उत्तराखंड के जोशी मठ में मकानों में आई दरारों के कारण उत्पन्न आपदा की स्थिति को देखते हुए आज पानीपत जिले के काला अम्ब से राहत सामग्री रवाना की।
दत्तात्रेय और चौटाला ने काला अम्ब स्थित मराठा शौर्य स्मारक से राहत सामग्री से भरे ट्रक झंडी दिखाकर रवाना किये। इस मौके पर राज्यसभा सांसद कृष्ण लाल पंवार भी मौजूद थे। पानीपत से राहत सामग्री के तहत आज कंबलों से भरे दो ट्रक रवाना किए गए हैं। चूंकि अभी ठंड का मौसम है, इसलिए कंबलों की ज्यादा आवश्यकता है। आवश्यकता पड़ने पर और राहत सामग्री भी भेजी जायेगी।
राहत सामग्री की व्यवस्था इंडियन सिंथेटिक रबर प्राइवेट लिमिटेड की ओर से सीएसआर फंड के माध्यम से की गई। कंपनी के मुख्य महाप्रबंधक मुकेश शर्मा ने बताया कि देशभर में कहीं भी कोई आपदा की स्थिति आती है तो कंपनी जिला प्रशासन के साथ मिलकर हमेशा सहयोग के लिए आगे रहती है।
इस मौके पर उपायुक्त सुशील सारवान के अलावा, एसपी शशांक कुमार सावन, एडीसी वीना हुड्डा, एसडीएम वीरेंद्र ढुल, नगराधीश राजेश सोनी, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के ईडी एमएल डाहरिया, आईओसीएल के साथ संयुक्त उद्यम कंपनी इंडियन सिंथेटिक रबर प्राइवेट लिमिटेड के मुख्य महाप्रबंधक मुकेश शर्मा, आईएसआरपीएल कंपनी में ताइवान के प्रतिनिधि सैम येन के अलावा कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।












Click it and Unblock the Notifications