CM मनोहर लाल बोले: जीरो ड्राप आउट नीति पर किया जा रहा काम
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने हरियाणा में शिक्षा के तंत्र को विकसित बनाने के लिए एक अन्य महत्वपूर्ण क्लस्टर योजना का जिक्र करते हुए बताया कि प्रदेश के हर चार पांच गांवों का एक क्लस्टर बनाया गया है।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश में हर बच्चे को शिक्षा के माध्यम से देश की मुख्यधारा में लाने के लिए जीरो ड्राप आउट की नीति पर काम किया जा रहा है। सरकार का इस पर जोर है कि अगले वर्ष तक प्रदेश में कोई भी बच्चा स्कूल से बाहर ना रहे। इसके लिए छह से 18 वर्ष आयु के करीब 48 लाख बच्चों के शिक्षा के स्टेटस को जानने के लिए ट्रैक किया जा रहा है।
मनोहर लाल शनिवार को गुरुग्राम के सेक्टर 49 स्थित एक निजी स्कूल के शुभारंभ के मौके पर संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने स्कूल का उद्घाटन करने के बाद नवनिर्मित भवन का अवलोकन किया। कक्षाओं व लैब में जाकर विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरक व्यक्तित्वों के बारे में बताया और सवाल भी पूछे।
राज्य में 2025 तक लागू होगी नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति
मनोहर लाल ने पीएम नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू की गई पीएम-श्री स्कूल योजना का जिक्र करते हुए बताया कि इस योजना से अगले वर्ष तक प्रदेश के सभी 135 खंडों में दो-दो अर्थात कुल 270 पीएम-श्री स्कूल खोले जाएंगे। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुसार इन स्कूलों में बच्चों को शिक्षा दी जाएगी। हरियाणा में नई शिक्षा नीति को 2025 तक पूरी तरह लागू कर दिया जाएगा। कहा कि हरियाणा में फाइव एस यानी शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, स्वावलंबन व स्वाभिमान के साथ-साथ सुशासन को भी जोड़ा गया।
क्लस्टर योजना में स्किल डेवलपमेंट पर ध्यान
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने हरियाणा में शिक्षा के तंत्र को विकसित बनाने के लिए एक अन्य महत्वपूर्ण क्लस्टर योजना का जिक्र करते हुए बताया कि प्रदेश के हर चार-पांच गांवों का एक क्लस्टर बनाया गया है। इसमें एक वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ऐसा होगा जहां तीनों संकाय-कला, विज्ञान व वाणिज्य की पढ़ाई के साथ स्वरोजगार के लिए बच्चों के कौशल को भी विकसित किया जाएगा।
इसी तरह छात्राओं के शिक्षण संस्थानों तक आवागमन को सुरक्षित बनाने के लिए छात्रा परिवहन सुरक्षा योजना के तहत 150 नई बसें भी खरीदी गई हैं और हर संस्थान में छात्राओं के परिवहन के लिए एक-एक नोडल अधिकारी लगाया गया। मुख्यमंत्री ने भारती फाउंडेशन की ओर से प्रदेश के 40 विद्यालयों में निश्शुल्क दी जा रही शिक्षा के लिए भी संस्था की प्रशंसा की। इस मौके पर स्कूल के चेयरमैन राकेश भारती मित्तल, डीसी निशांत कुमार यादव, सीपी कला रामचंद्रन सहित अन्य लोग मौजूद रहे।












Click it and Unblock the Notifications