एनएसएस छात्रों में पैदा करे राष्ट्र प्रेम का भाव, खुद से पहले देश को रखें आगे: सीएम मनोहर लाल
चंडीगढ़, 3 अगस्त। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) छात्रों में सामाजिक सेवा के साथ-साथ राष्ट्र प्रेम के भाव भी पैदा करे। छात्रों को ऐसी शिक्षा दी जाए कि वे खुद से पहले देश को आगे रखें।

मुख्यमंत्री बुधवार को हरियाणा निवास में हरियाणा राज्य उच्च शिक्षा परिषद द्वारा आयोजित एनएसएस पदाधिकारियों की एक दिवसीय कार्यशाला में बोल रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें अंत्योदय के भाव से सेवा करनी चाहिए। अधिकतर योजनाओं को परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) से जोड़ दिया गया है। पीपीपी की वेरिफिकेशन के लिए सरकारी अधिकारी, कर्मचारी और स्वयंसेवकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसके माध्यम से ऐसे परिवारों को चिन्हित किया गया है, जिनकी आय 1 लाख 80 हजार रुपये से कम है। एनएसएस पदाधिकारियों को ऐसी योजनाएं बनानी चाहिए कि एनएसएस स्वयंसेवक इन पात्र परिवारों से जुड़ें और उनकी समस्याओं को सरकार तक पहुंचाएं। जिससे भविष्य में इन पात्र परिवारों की आय बढ़ाने के लिए योजनाएं बनाई जा सकें।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि इस बार के स्वतंत्रता दिवस पर "हर घर तिरंगा अभियान" शुरू किया गया है, जो 13 अगस्त से 15 अगस्त तक चलेगा। उन्होंने आह्वान किया कि इस अभियान में एनएसएस के सभी स्वयंसेवक बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार के स्वतंत्रता दिवस पर 15 अगस्त 1947 से पहले पैदा हुए लोगों के घर स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में शामिल होने का न्योता भेजा जाएगा। इन लोगों की सूची जिला उपायुक्त को भेजी जाएगी और जिला उपायुक्त विशेष तौर पर इन लोगों को स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण भेजेंगे।
हरियाणा उच्च शिक्षा विभाग के एसीएस आनंद मोहन शरण ने कहा कि स्कूल, कॉलेज और यूनिवर्सिटी सभी के छात्रों की समाज के प्रति जिम्मेदारी होती है। एनएसएस द्वारा समय-समय पर इस जिम्मेदारी को निभाया जाता है। एनएसएस हमें सिखाता है कि समाज के प्रति हमारी क्या जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव डॉ. अमित अग्रवाल ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान में प्रदेश वासी बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। इस अभियान में एनएसएस के स्वयंसेवक भी अपनी भागीदारी निभाएं। हरियाणा राज्य उच्च शिक्षा परिषद के अध्यक्ष बृज किशोर कुठियाला ने कहा कि अध्यापक और विद्यार्थी का कार्य समाज को दिशा देने का है। शिक्षक का संवाद उसकी कक्षा के साथ-साथ समाज से भी होता है। एनएसएस द्वारा समय-समय पर समाज को जागरूक करने और सेवा के अनेक कार्य किए जाते हैं।












Click it and Unblock the Notifications