CM हेमंत इंडिया इंटरनेशनल मेगा ट्रेड फेयर में शामिल हुए, बोले- झारखंड में MSME उद्योगों को देंगे 40% सब्सिडी
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड एक ऐसा प्रदेश है जहां आजादी से पहले से ही उद्यमियों की नजर रही है, चाहे वह औद्योगिक इकाई टाटा, बिरला हो अथवा कोल कंपनियां हों।

रांची: राज्य में एमएसएमई उद्योगों को सरकार 40 प्रतिशत सब्सिडी देगी। मोरहाबादी मैदान में आयोजित 14वें इंडिया इंटरनेशनल मेगा ट्रेड फेयर के समापन समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने यह घोषणा की।
उन्होंने कहा कि सरकार एमएसएमई उद्योग को बढ़ावा देना चाहती है। औद्योगिक इकाइयों को बढ़ावा देने के लिए अभी उद्यमियों को 25 प्रतिशत सब्सिडी मिल रही है। उद्योग की बेहतरी के लिए झारखंड चेंबर ऑफ कामर्स की कोई अच्छी योजना हो तो सरकार एमएसएमई उद्यमियों के लिए सब्सिडी बढ़ाकर 35 से 40 प्रतिशत तक करेगी।
इस बार इंडिया इंटरनेशनल मेगा ट्रेड फेयर में देश के उद्यमियों के साथ-साथ विदेशों के उद्यमियों को भी भागीदारी निभाने का मौका मिला है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने एक बेहतरीन उद्योग नीति बनाई है। कई छोटे-बड़े कारपोरेट घरानों ने निवेश की इच्छा जताई है। पिछले दिनों जमशेदपुर में एक बड़े कारपोरेट सेक्टर ने औद्योगिक इकाई स्थापित करने के लिए शिलान्यास किया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे, झारखंड चेंबर आफ कामर्स के अध्यक्ष किशोर मंत्री सहित बड़ी संख्या में उद्यमी मौजूद थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में टाटा, बिरला के अलावा कोल कंपनियों समेत कई औद्योगिक घराने कार्यरत हैं। उद्योग के क्षेत्र में क्रांति लाने वाला एचईसी भी है। पहला फर्टिलाइजर फैक्ट्री भी झारखंड में ही लगा था।
सैकड़ों वर्षों के सफर में झारखंड को औद्योगिकरण के क्षेत्र में जहां खड़ा होना चाहिए था, उसके अनुरूप आज नही दिख रहा है। सरकार राज्य में औद्योगिक निवेश के लिए लगातार कदम उठा रही है।
इसके लिए हम सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड चेंबर आफ कामर्स एग्रीकल्चर के क्षेत्र में भी सकारात्मक कार्य करे।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ट्रेड फेयर में स्टाल का भी भ्रमण किया। इस अवसर पर राज्यसभा सदस्य महुआ माजी ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य में औद्योगीकरण को बढ़ावा देने को लेकर कई महत्वाकांक्षी योजनाएं लाई गई हैं। सरकार की सोच है कि योजनाओं का लाभ हर वर्ग और समुदाय को मिले। इस अवसर पर मुख्यमंत्री को उनकी एक लाइव पोट्रेट तस्वीर भेंट की गई।












Click it and Unblock the Notifications