मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन में अतिथियों का करेंगे स्वागत
हाल ही में प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने मैदान का निरीक्षण भी किया और 16 समिति बनाकर काम बांटने को कहा था। शैलजा ने बैठक कर कुछ समितियों का जिम्मा संभावित मंत्रियों में बांट भी दिया है।

रायपुरः छत्तीसगढ़ में पहली बार होने वाले कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन में अतिथियों का स्वागत मुख्यमंत्री भूपेश बघेल करेंगेे। अतिथियों के आने-जाने की जिम्मेदारी मोहम्मद अकबर की होगी। लोगों के रूकने-ठहरने की व्यवस्था शिवकुमार डहेरिया और रामगोपाल देखेंगे। बता दें कि अधिवेशन 24 से 26 फरवरी काे नवा रायपुर के मेला मैदान में हाेने जा रहा है। अधिवेशन को लेकर तैयारियां तेज हो गईं हैं।
हाल ही में प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने मैदान का निरीक्षण भी किया और 16 समिति बनाकर काम बांटने को कहा था। शैलजा ने बैठक कर कुछ समितियों का जिम्मा संभावित मंत्रियों में बांट भी दिया है। हर कमेटी में एक मंत्री और एक संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी को रखा गया है। हालांकि बताया जा रहा है कि अभी जिम्मेदारियों को लेकर और मंथन होना बाकी है। फरवरी के पहले सप्ताह में सबकुछ फाइनल हो जाएगा।
एक नया शहर ही बसाया जाएगा
नवा रायपुर के मेला मैदान में 5 से 6 हजार पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के ठहरने की व्यवस्था की जा रही है। इसके लिए एक नया शहर ही बसाया जाएगा। सूत्रों की मानें तो इसका नाम शहीद वीर नारायण सिंह नगर, नवा रायपुर रखा गया है। टेंट का काम भी फरवरी के पहले सप्ताह से शुरू हो जाएगा। कैटरिंग के लिए एजेंसी को चुन लिया गया है। इसके अलावा वरिष्ठ पदाधिकारियों के रूकने के लिए मेयफेयर जैसे सभी बड़े होटल बुक किए जा चुके हैं। टेंट और इवेंट कंपनी का फाइनल होना बाकी है।












Click it and Unblock the Notifications