योगी पर बघेल का कटाक्ष, कहा "बुलडोजर चलाने वाले नहीं कर सकते किसी का उद्धार"
रायपुर, 25 फरवरी 2022। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उत्तरप्रदेश में पांचवें चरण के चुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में डोर-टू-डोर कैम्पेन किया और आमसभाएं भी ली। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि आवारा पशुओं की समस्या पर पांच साल तक चुप्पी साधे रहने वाले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 10 मार्च के बाद नीति बनाने की बात कर रहे हैं। जबकि हमने छत्तीसगढ़ में पशुधन को लेकर योजना बनाकर लागू भी कर दी है। छत्तीसगढ़ के नागरिकों के लिए पशुधन समस्या नहीं, बल्कि कमाई का जरिया है।

कांग्रेस के स्टार प्रचारक भूपेश बघेल ने उत्तरप्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि समाधान के बजाय बुलडोजर चलाने की बात करने वाले मुख्यमंत्री के सामने किसान, महिलाएं, युवा अपनी समस्या नहीं कह पा रहे हैं। कपड़ा, जूता, पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस सभी रोजमर्रा की वस्तुओं में आग लगी हुई है, जनता त्रस्त है। बघेल ने कहा कि बुलडोजर चलाने वाले किसी का उद्धार नहीं कर सकते।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि जब से सत्ता में भाजपा सरकार आई है देश के लोग गरीब हो रहे हैं और भाजपा अमीर होती जा रही। इस बार झूठे वादों और छलावा करने वालों को सत्ता से बाहर रखेंगे। जनता बदलाव चाहती है, जनता खुद से जुड़े मुद्दों पर मतदान करेगी। पश्चिम उत्तरप्रदेश से शुरू हुई बदलाव की लड़ाई पूर्वी उत्तर प्रदेश में समाप्त होगी।












Click it and Unblock the Notifications