पूर्व सीएम रघुवर दास के खिलाफ जांच करेगी सीआइडी, हेमंत सोरेन ने जारी किया आदेश
रांची, 01 अगस्त: बहुचर्चित मोमेंटम झारखंड में वित्तीय अनियमितता के आरोपों की जांच की जिम्मेदारी अपराध अनुसंधान विभाग (सीआइडी) को दी गई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सहमति के बाद गृह कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने इससे संबंधित आदेश जारी कर दिया है। आदेश की कापी उद्योग विभाग के प्रधान सचिव व डीजीपी को भी भेजी गई है। आदेश में सीआइडी को मोमेंटम झारखंड-ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट-2017 के दौरान हुए व्यय की जांच गहनता से करने को कहा गया है। सरकार को संदेह है कि मोमेंटम झारखंड के आयोजन में गंभीर वित्तीय अनियमितता बरती गई है। उद्योग विभाग ने ही सीआइडी से जांच कराने से संबंधित प्रस्ताव मुख्यमंत्री को दिया था।

पूर्व में मुख्यमंत्री ने संबंधित मामले की जांच भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) से कराने की घोषणा की थी, जिसपर विचार-विमर्श हुआ और इसकी तकनीकी पहलुओं की जानकारी ली गई। इसके बाद उद्योग विभाग ने पूरे मामले की जांच सीआइडी से कराने का विचार किया था, जिसपर बतौर उद्योग मंत्री के तौर पर मुख्यमंत्री ने अपनी स्वीकृति दे डाली।
मोमेंटम झारखंड का आयोजन वर्ष 2017 में हुआ था। आरोप है कि इसमें जिन 11 कंपनियों के साथ करार हुआ था, उसका गठन आयोजन से कुछ माह पहले हुआ। इससे यह स्पष्ट है कि सिर्फ मोमेंटम झारखंड का लाभ लेने के उद्देश्य से ही इन कंपनियों का गठन हुआ। मोमेंटम झारखंड के दौरान कुल 238 एमओयू हुए थे, इनमें से 13 एमओयू विदेशी कंपनियों, 74 झारखंड की कंपनियों और शेष अन्य राज्यों की कंपनियों से हुए थे। केवल 25 एमओयू में 22 कंपनियों को 350 एकड़ जमीन आवंटित की गई।












Click it and Unblock the Notifications