मुख्यमंत्री मुफ्त तीर्थयात्रा योजना का 5 दिसंबर से होगा शुभारंभ, CM खट्टर रामलीला कमेटियों को करेंगे सम्मानित
Haryana News: हरियाणा की भाजपा सरकार राज्य के राम भक्तों को सम्मानित करेगी। वैसे तो 'राम जन्मभूमि के काम का' नारा देने वाले लोगों की संख्या लाखों में हैं, जिन्होंने भगवान श्रीराम मंदिर के निर्माण कार्य में किसी न किसी रूप में आहुति डाली है। लेकिन, प्रदेश सरकार ने राज्य की रामलीला कमेटियों के पदाधिकारियों को सम्मानित करने की अनोखी पहल आरंभ की है।
इन रामलीला कमेटियों के पदाधिकारियों व सदस्यों में वह लोग भी शामिल हैं, जिन्होंने विभिन्न रामलीलाओं में भगवान के अलग-अलग भूमिकाएं निभाई हैं। भगवान श्रीकृष्ण की नगरी कुरुक्षेत्र में रामभक्तों का यह सम्मान होगा। हरियाणा सरकार का मानना है कि राज्य की रामलीला कमेटियों के पदाधिकारियों, सदस्यों और इनके प्रमुख लोगों को सम्मानित करने से बरसों की रामलीलाओं के आयोजन की परिपाटी को सम्मान मिलेगा।

हरियाणा के लाखों लोगों ने अयोध्या में जाकर कार सेवा की थी। अब उसका प्रतिफल 22 जनवरी को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के रूप में सामने आ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस समारोह में शामिल होंगे। दिसंबर 2023 तक राम मंदिर के भूतल का निर्माण कार्य पूरा होने का दावा किया जा रहा है। इस यज्ञ में आहुति देते हुए तथा भगवान श्रीराम के मंदिर निर्माण की खुशी को पूरे प्रदेश के साथ बांटते हुए सरकार ने पांच दिसंबर को श्रीरामलीला कमेटियों को सम्मानित करने का कार्यक्रम तय किया है।
पांच दिसंबर को ही धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में हरियाणा सरकार की मुख्यमंत्री मुफ्त तीर्थयात्रा योजना धरातल पर उतरेगी। इसका पोर्टल बनकर तैयार हो चुका है। पांच दिसंबर को धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में मुख्यमंत्री मनोहर लाल इस पोर्टल को लांच करेंगे। पोर्टल लांच होने के साथ ही 60 साल से अधिक उम्र के बुजुर्ग गरीब लोग तीर्थयात्रा के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। पोर्टल पर जितने भी लोग जिस-जिस तीर्थस्थल की यात्रा के लिए आवेदन करेंगे, उन्हें चिन्हित कर लिया जाएगा और जत्थे बनाकर अलग-अलग तरीके से लोगों को तीर्थयात्रा पर भेजा जाएगा।
राज्य में करीब 29 लाख लोग ऐसे हैं, जो मुफ्त तीर्थयात्रा की पात्रता श्रेणी में आते हैं। इतना ही नहीं, सीएम खट्टर के अतिरिक्त प्रधान सचिव डॉ. अमित अग्रवाल के अनुसार पांच दिसंबर को ही कुरुक्षेत्र में मुख्यमंत्री मनोहर लाल 'श्रीरामलीला कमेटियों' के पदाधिकारियों व संचालकों को सम्मानित करेंगे। इससे सभी पदाधिकारी स्वयं को गौरवान्वित महसूस करेंगे। राज्य सरकार की ओर से यह रामलीला कमेटियों को उनके द्वारा लंबे समय से किए जा रहे आयोजनों का सम्मान स्वरूप पुरस्कार होगा।












Click it and Unblock the Notifications