छत्तीसगढ़ के सीएम बघेल ने कहाः रायपुर, बनारस और दिल्ली के लिए मांगेंगे फ्लाइट, DGCA के लायसेंस का इंतजार
9-12 मई को डीजीसीए की टीम एयरपोर्ट का निरीक्षण करेगी। डीजीसीए से लाइसेंस मिलने के बाद यहां से उड़ानें शुरू हो जाएंगी। सीएम ने कहा कि रायपुर बनारस, दिल्ली पर फोकस रहेगा।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव का प्लेन अंबिकापुर के दरिमा में बने नए एयरपोर्ट पर लैंड हुआ। उनके प्लेन ने 12 बजकर 19 मिनट पर लैंडिंग की। यहां पहुंचने पर सीएम भूपेश ने एयरपोर्ट की तारीफ की और कहा कि यहां से रायपुर, बनारस, दिल्ली के लिए फ्लाइट की मांग वे करेंगे, ताकि सरगुजा संभाग में रहने वाले लोगों को दूसरे राज्यों के लिए फ्लाइट पकड़ने के लिए रायपुर, बिलासपुर नहीं जाना पड़े।
सीएम ने एयरपोर्ट और रनवे का निरीक्षण किया और कहा कि बेहद अच्छा एयरपोर्ट बना है। पहले हम लोगों ने हिचकोले खाते हुए यहां लैंडिंग की थी, लेकिन ये अब पूरी तरह से समतल है। सीएम भूपेश बघेल और स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव के दरिमा एयरपोर्ट पर पहुंचते ही उनका नेताओं और अधिकारियों ने फूल देकर स्वागत किया। खाद्य मंत्री अमरजीत भगत और लुंड्रा विधायक डॉक्टर प्रीतम राम इस मौके पर मौजूद रहे।
9-12 मई को डीजीसीए की टीम एयरपोर्ट का निरीक्षण करेगी। डीजीसीए से लाइसेंस मिलने के बाद यहां से उड़ानें शुरू हो जाएंगी। सीएम ने कहा कि रायपुर, बनारस, दिल्ली पर फोकस रहेगा। यहां के लिए फ्लाइट चलाने पर जोर दिया जाएगा, ताकि इसका लाभ सरगुजा संभाग के लोगों को मिल सके।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दरिमा एयरपोर्ट बारे में बताया कि एयरपोर्ट 1950 के बाद का है। सबसे पहले 1974 में यहां भूतपूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने लैंडिंग की थी। उस समय यह हवाई पट्टी थी। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में ट्रेन की हालत जहां खराब है, वहीं अंबिकापुर को एयरपोर्ट से जोड़ना एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि यह एयरपोर्ट काफी सुविधाजनक है। जरूरत पड़ने पर इसकी लंबाई और बढ़ाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि इसके लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री भूपेश ने कहा कि 364 एकड़ में बने इस एयरपोर्ट पर 72 सीटर विमान आराम से आ-जा सकते हैं। इससे पर्यटन के क्षेत्र को भी बढ़ावा मिलेगा। सैलानियों को सरगुजा के पर्यटन स्थलों तक पहुंचने में आसानी होगी। सरगुजा संभाग पूरे देश में अपनी नैसर्गिक सुंदरता के लिए जाना जाता है। उन्होंने कहा कि टूरिज्म डेवलप होने से स्थानीय लोगों को रोजगार भी मिलेगा।
सीएम से पत्रकारों ने सवाल किया कि भाजपा यह आरोप लगा रही है कि एयरपोर्ट की योजना केंद्र सरकार की है, जिसके लिए कांग्रेस अपना श्रेय ले रही है। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि 48 करोड़ रुपए तो हमने दिया है। इसके एक्सटेंशन के लिए पैसा हम लगा रहे हैं और आगे काम होना अभी बाकी ही है। इस एयरपोर्ट पर जितने भी विकास कार्य हो रहे हैं, वह राज्य सरकार के पैसों से हुए हैं। केंद्र सरकार का इसमें कुछ नहीं लगा है।
इधर स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि एक दशक से लंबित बहुप्रतीक्षित मांग पूरी होती दिखाई दे रही है। मां महामाया एयरपोर्ट का लाइसेंस मिलते ही एटीआर विमान के साथ 72 सीटर विमान यहां उतर सकेगा। ऐसे में अंचल के लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। काफी कम समय के अंदर डीजीसीए के मानक के अनुसार रनवे तैयार किया गया है। यह एयरपोर्ट छत्तीसगढ़ का दूसरा सबसे खूबसूरत व सुविधा वाला एयरपोर्ट है। खाद्य मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि सीएम ने मां महामाया एयरपोर्ट के रूप में अंबिकापुर को नई पहचान देने का काम किया है। सरगुजा अंचल के लोग वर्षों से इसकी बाट जोह रहे थे। सीएम भूपेश बघेल द्वारा दिल खोलकर दी गई राशि से सुविधाजनक एयरपोर्ट का निर्माण हुआ है, जो स्वागत योग्य है।
वहीं कर्नाटक चुनाव में प्रधानमंत्री ने कांग्रेस को आतंकवादियों का सपोर्ट करने का दावा करने के सवाल पर सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री को यह बताना चाहिए कि मजदूर से कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने मलिकार्जुन खड़गे की भाजपा के प्रत्याशी ने हत्या करने की धमकी दी है। इस मामले में भारतीय जनता पार्टी के नेता और देश के प्रधानमंत्री चुप क्यों हैं, कर्नाटक चुनाव में भाजपा प्रत्याशी का कन्नड़ में आवाज रिकॉर्डेड है। इसमें वे कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उनके पूरे परिवार को धमकी दे रहे हैं। इसका मतलब यह है कि भारतीय जनता पार्टी हार रही है और हताशा में हत्या करने तक उतर आई है।
इस दौरान औषधीय पादप बोर्ड के अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक, श्रम कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष शफी अहमद, 20 सूत्रीय कार्यक्रम के उपाध्यक्ष अजय अग्रवाल, खाद्य आयोग के अध्यक्ष गुरप्रीत सिंह बाबरा, अनुसूचित जनजातीय आयोग के अध्यक्ष भानूप्रताप सिंह, सामरी विधायक चिंतामणी महाराज, महापौर डॉ. अजय तिर्की, डीसीसी अध्यक्ष राकेश गुप्ता, कलेक्टर कुंदन कुमार, आईजी रामगोपाल गर्ग, एसपी भावना गुप्ता, जिपं सीईओ विश्वदीप सहित काफी संख्या में जनप्रतिनिधि व लोग उपस्थित थे।












Click it and Unblock the Notifications