भूपेश बघेल ने किसानों की लिए चलाई जा रही योजनाओं के गिनाए लाभ, कहा- खेती को हो रहा है फायदा
रायपुर, मार्च 22। छत्तीसगढ़ में किसानों को लाभ पहुंचाने के लिए कई प्रकार की योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनका लाभ किसानों को मिल रहा है। ऐसे में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि राजीव गांधी किसान न्याय योजना और गोधन न्याय योजना जैसी कल्याणकारी योजनाओं ने राज्य में खेती को एक लाभदायक व्यवसाय बना दिया है।

बलौदा बाजार जिला मुख्यालय में कुर्मी समुदाय की एक सामाजिक सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि राज्य में किसानों और कृषि के विकास के लिए चलायी जा रही कल्याणकारी योजनाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति दे रही हैं।
उन्होंने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ की सरकार राज्य के किसानों का कल्याण करने के लिए कटिबद्ध है. मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय रूप से उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करके सरकार ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बढ़ावा दिया है. कृषि को बढ़ावा दिए जाने के बाद से राज्य में किसानों की कमाई बढ़ी है इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को लाभ हुआ है।
भूपेश बघेल ने कहा कि गोधन न्याय योजना ने स्वयं सहायता समूहों और भूमिहीन लोगों को आजीविका का नया साधन प्रदान किया है. राज्य में इस योजना की सफलता के सकारात्मक परिणाम आने लगे हैं। गोधन न्याय योजना के तहत कई लाभार्थियों ने गोबर बेचकर अच्छा मुनाफा कमाया है. राज्य के हर कोने से सफलता की कहानियां सामने आ रही है, जो यह बता रही है कि राज्य में गोधन न्याय योजना किस तरह से किसानों के लिए कारगर साबित हो रही है।
आपको बता दें कि छत्तीसगढ़ देश का पहला ऐसा राज्य बन गया है, जहां पर गाय के गोबर की खरीद राज्य सरकार द्वारा की जा रही है। इतना ही नही राज्य सरकार द्वारा गोबर की खरीद करने के बाद उसका वैल्यू एडिशन किया जा रहा है। गोबर से बिजली पैदा की जा रही है। गोबर से पेंट बनाया जा रहा है। इस तरह छतीसगढ़ गोबर का वैल्यु एडिशन करना वाला भी देश का पहला राज्य बन गया है।












Click it and Unblock the Notifications