हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला का ऐलान, अब भीमराव अंबेडकर भवन के नाम से जानी जाएंगी चौपालें
हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला का ऐलान, अब भीमराव अंबेडकर भवन के नाम से जानी जाएंगी चौपालें
हरियाणा के गांवों में पार्टीबाजी और जातीय तनाव को खत्म करने के लिए प्रदेश सरकार ने अहम फैसला लिया है। इसके तहत गांवों में बनने वाली चौपालें किसी एक जाति अथवा संप्रदाय के नाम पर नहीं होगी। ऐसी चौपालों को भविष्य में डा. भीमराव अंबेडकर भवन के नाम से जाना जाएगा। पूर्व में जिन चौपालों के नाम अन्य नामों पर रखे हैं, उनके नाम में भी बदलाव होगा। यह प्रक्रिया मौजूदा पंचायती राज व्यवस्था के चुनाव नतीजों के बाद लागू होगी।

हरियाणा के उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने रविवार को यह घोषणा की। पंचकूला जिले में पंचायती राज प्रकोष्ठ के सम्मेलन के बाद दुष्यंत चौटाला ने बताया कि काफी लोगों ने इस बात की शिकायत की है कि चौपालों के नाम किसी जाति विशेष, व्यक्ति विशेष अथवा संप्रदाय के नाम पर रखे जा रहे हैं। ऐसा करने से गांवों में तनाव बढ़ रहा है। आपसी झगड़े हो रहे हैं और भाईचारे पर विपरीत असर पड़ रहा है, इसलिए सरकार ने निर्णय लिया है कि सभी चौपालों का नाम डा. भीमराव अंबेडकर भवन के रूप में होगा।
निर्वाचित पंचायतों को इस बारे में प्रस्ताव बनाकर देना होगा। पुरानी चौपालों का नाम बदलने का प्रस्ताव भी सरकार को भेजना होगा। सरकार के इस फैसले से यदि राज्य में भाईचारा बढ़ता है और जातीय तनाव खत्म होते हैं तो यह अच्छी बात है। आदमपुर उपचुनाव में भाजपा व जजपा गठबंधन से जुड़े सवाल पर दुष्यंत चौटाला ने कहा कि हम सकारात्मक सोच के लोग हैं। हमारा भाजपा के साथ अच्छा गठबंधन है। भाजपा का उम्मीदवार घोषित होने से पहले ही जेजेपी के अध्यक्ष डा. अजय सिंह चौटाला ने हांसी में ऐलान कर दिया था कि हमारी पार्टी भाजपा के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ेगी।












Click it and Unblock the Notifications