चंद्रबाबू नायडू ने दी खुली चुनौती, 'मेरे ऊपर हमला करके दिखाए वाईएसआर कांग्रेस'
सीएम जगन मोहन को निशाने पर लेते हुए चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि अब आपने तोड़फोड़ करने के लिए पुलिस का सहारा लेना भी शुरू कर दिया है।

आंध्र प्रदेश के गन्नवरम में अपने पार्टी कार्यालय पर हुए हमले पर टीडीपी सुप्रीमो एन चंद्रबाबू नायडू ने कड़ी आपत्ति जताई। शुक्रवार को चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि वो चुनौती देते हैं कि मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी सहित वो लोग, जो इस हमले के पीछे हैं, कोई भी तारीख, समय और जगह चुन लें और मेरे ऊपर हमला करें।
सीएम जगन मोहन को निशाने पर लेते हुए चंद्रबाबू नायडू ने कहा, 'अब आपने तोड़फोड़ करने के लिए पुलिस का सहारा लेना भी शुरू कर दिया। अगर आपके अंदर साहस है, तो एक तारीख और समय निश्चित करें और मैं किसी भी प्रकार के हमले का सामना करने के लिए तैयार हूं, जो आप कर सकते हैं।'
इससे पहले चंद्रबाबू नायडू ने गन्नवरम टीडीपी कार्यालय का दौरा किया और आगजनी में क्षतिग्रस्त हुए वाहनों का भी जायजा लिया। उन्होंने टीडीपी के एक कार्यकर्ता डोंथु चिन्ना के परिवार से भी मुलाकात की, जिन पर हमला हुआ था। मीडियाकर्मियों से बात करते हुए चंद्रबाबू नायडू ने आरोप लगाया कि पुलिस ने गन्नवरम घटना में चोरों की तरह काम किया।
चंद्रबाबू नायडू ने कहा, 'पुलिस अधिकारियों को अगर कोई भी इस तरह की घटनाओं को अंजाम देने के लिए उकसाता है, तो बाद में उन अधिकारियों को ही परिणाम भुगतने पड़ते हैं। हमारी राजनीतिक पार्टी ऐसी नहीं है, जो इस तरह की खोखली धमकियों से डर जाए।'












Click it and Unblock the Notifications