चंद्रबाबू नायडू को हजम नहीं हो रहा आंध्र प्रदेश का विकास: बोत्चा सत्यनारायण
बोत्चा सत्यनारायण ने कहा कि विशाखापत्तनम में आईटी क्षेत्र का विकास दिवंगत वाईएस राजशेखर रेड्डी सरकार के दौरान किया गया था।

आंध्र प्रदेश के शिक्षा मंत्री बोत्चा सत्यनारायण ने कहा कि सीएम वाईएस जगन मोहन रेड्डी के नेतृत्व में राज्य लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने गुरुवार को विजयनगरम नगर निगम द्वारा किए गए सौंदर्यीकरण कार्यों का उद्घाटन किया, जिसमें दांडी मार्च करते महात्मा गांधी की एक प्रतिमा भी शामिल है।
बोत्चा सत्यनारायण ने कहा, 'चंद्रबाबू नायडू को ये हजम नहीं हो रहा है कि राज्य सरकार बिना किसी लीकेज और भ्रष्टाचार के लागू की जा रही प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (डीबीटी) योजनाओं को आगे बढ़ा रही है। हमारा मानना है कि लोगों की बढ़ती क्रय शक्ति राज्य के विकास में बहुत मदद करेगी।'
उन्होंने आगे कहा कि नकदी प्रवाह से राज्य में वित्तीय गतिविधियों में सुधार होगा। कृषि, शिक्षा और स्वास्थ्य हमारे प्राथमिकता के मुद्दे हैं और हम इन क्षेत्रों में सुधार के लिए काम कर रहे हैं।
बोत्चा सत्यनारायण ने कहा कि विशाखापत्तनम में आईटी क्षेत्र का विकास दिवंगत वाईएस राजशेखर रेड्डी सरकार के दौरान किया गया था और वर्तमान सरकार अधिक रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए इस क्षेत्र के विकास की विरासत को जारी रखेगी।
ऋषिकोंडा की पहाड़ियों पर हो रहे निर्माण कार्यों के बारे में बोलते हुए उन्होंने कहा कि ये सरकारी भवन हैं ना कि निजी निर्माण। उन्होंने कहा कि यह जनता की संपत्ति होगी, निजी नहीं। कार्यक्रम में डिप्टी स्पीकर के वीरभद्र स्वामी, जिला कलेक्टर ए सूर्यकुमारी और अन्य ने भाग लिया।












Click it and Unblock the Notifications