आंध्र प्रदेश: भ्रष्टाचार पर लगेगा अंकुश, 15 अंतरराज्यीय चेकपोस्टों पर कैशलेस भुगतान प्रणाली शुरू
आंध्र प्रदेश में परिवहन विभाग ने भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए राज्य में 15 अंतरराज्यीय चेकपोस्टों पर यूपीआई प्रणाली शुरू की है। मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी के भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन के आदेश पर कार्य करते हुए, विभाग ने सभी चेकपोस्टों पर कैशलेस प्रणाली लागू की है, जो कर्मचारियों को भ्रष्टाचार में लिप्त होने से रोकने में मदद करती है।
मामले में परिवहन आयुक्त मनीष कुमार सिन्हा ने कहा कि मुख्यमंत्री के आदेश पर चेकपोस्ट पर कैशलेस व्यवस्था शुरू की गई है। हमने चेकपोस्ट पर नकद लेनदेन पूरी तरह से बंद कर दिया है। ये नीति बिना किसी मध्यस्थ के भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन के मुख्यमंत्री के निर्देशों का समर्थन करेगी। हम नई नीति से यातायात समस्या से भी प्रभावी ढंग से निपट सकते हैं।

लोग क्यूआर कोड को स्कैन करके सीमा कर, अस्थायी परमिट कर, स्वैच्छिक कर, समझौता शुल्क आदि का भुगतान कर सकते हैं। इसके अलावा, https://aprtacitizen.epragthi.org के माध्यम से भुगतान सुविधा प्रदान की गई है। राज्य में कर्नाटक, तमिलनाडु, ओडिशा और तेलंगाना के साथ अंतरराज्यीय चेकपोस्ट हैं।
परिवहन विभाग द्वारा इच्छापुरम, जीलुगुमिली, पंचलिंगला, पेनुकोंडा, सुन्निपेंटा, तिरुवुरु, गरिकापाडु, पालमानेर, टाडा, बीवी पालेम, रेनिगुंटा, नाराहरिपेट, दाचेपल्ली, माचरला और बेंदापुडी में कुल 15 अंतरराज्यीय चेकपोस्ट संचालित किए जा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications