हरियाणा के औद्योगिक क्षेत्रों और शहरी सेक्टरों में बनेंगे फायर ब्रिगेड स्टेशन: डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला
हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने बताया कि प्रदेश के इंडस्ट्रियल सेक्टर में कम से कम एक फायर स्टेशन अवश्य बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि पानीपत में एक फायर स्टेशन तो पहले से है, परन्तु वहां इंडस्ट्रियल जरूरतों को देखते हुए एक और फायर स्टेशन स्थापित किया जाएगा। इनके अलावा हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के सेक्टरों में भी फायर स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। डिप्टी सीएम ने यह जानकारी वीरवार को यहां अग्नि एवं आपातकालीन सेवाएं, गृह विभाग, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग और हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता करने के बाद दी।

डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला को बैठक में जानकारी दी गई कि वर्तमान में प्रदेश में 109 सरकारी तथा 34 प्राइवेट फायर स्टेशन हैं, जिनमें आग बुझाने वाली कुल 607 गाड़ी और 102 मोटरसाइकिल हैं। इनके अलावा 100 और मोटरसाइकिल खरीदे जाएंगे ताकि भीड़-भाड़ वाली गलियों एवं रास्तों तक पहुंच कर आग पर काबू किया जा सके। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि फायर स्टेशन को ऐसी जगह स्थापित किया जाना चाहिए जहां से ग्रामीण क्षेत्र में फसलों में लगने वाली आग को बुझाने के लिए अग्निशमक गाड़ियों को पहुंचने में परेशानी न हो।
उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि राज्य की आर्थिक धुरी कृषि और उद्योग-धंधे होते हैं इसलिए दोनों को ही अग्नि जैसी घटनाओं से बचाना जरूरी होता है। उन्होंने राज्य के प्रत्येक इंडस्ट्रियल सेक्टर कम से कम एक फायर स्टेशन स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने इसके लिए मैपिंग करके प्रथम चरण में खरखौदा, सोहना तथा साहा की आईएमटी में फायर स्टेशन स्थापित करने के निर्देश देते हुए कहा कि पांच लाख से ज्यादा आबादी वाले सभी शहरों में फायर स्टेशन लगाए जाएं। डिप्टी सीएम ने पानीपत में उद्योगों की अधिकता को देखते हुए पहले स्थापित फायर स्टेशन के अतिरिक्त एक अन्य फायर स्टेशन स्थापित करने के निर्देश दिए।












Click it and Unblock the Notifications