इतिहास रचेगी खम्मम में होने वाली BRS की रैली: हरीश राव
हरीश राव ने सोमवार को कहा कि बैठक के लिए 13 विधानसभा क्षेत्रों से जनता को जुटाया जा रहा है।

हैदराबादः 18 जनवरी, भारतीय राजनीति के इतिहास में एक नए अध्याय को चिन्हित करेगा, जब भारत राष्ट्र समिति अपनी पहली सार्वजनिक रैली आयोजित करेगी। साथ ही विभिन्न राष्ट्रीय दलों के कई राजनीतिक नेताओं की उपस्थिति में राष्ट्रीय मंच पर बीआरएस अपने आगमन की घोषणा करेगी। खम्मम में होने वाली जनसभा राष्ट्रीय राजनीति में इतिहास रचेगी। ये बातें तेलंगाना के स्वास्थ्य मंत्री टी हरीश राव ने कहीं।
हरीश राव ने सोमवार को कहा कि बैठक के लिए 13 विधानसभा क्षेत्रों से जनता को जुटाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बैठक में केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान के अलावा यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव शामिल होंगे। तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव बैठक को संबोधित करेंगे। सोमवार को यहां परिवहन मंत्री पुर्व्वादा अजय कुमार के साथ मीडिया से बात करते हुए हरीश राव ने कहा कि विधायकों और पार्टी नेताओं को जनता को रैली में लाने के लिए प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्र का प्रभारी बनाया गया है।
गौरतलब है कि 21 साल पहले तेलंगाना राष्ट्र समिति के गठन के बाद पहली बैठक, 'सिम्हा गर्जना', करीमनगर में आयोजित की गई थी और अब टीआरएस के बीआरएस बनने के बाद, पहली बैठक खम्मम में हो रही है। ये एक ऐसा क्षेत्र है, जिसने तेलंगाना राज्य आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। हरीश राव ने कहा कि ये जनसभा राष्ट्रीय राजनीति को बदलने वाली होगी, जिसमें विभिन्न राष्ट्रीय दलों के नेता भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि भाकपा के राज्य सचिव के संबाशिव राव और माकपा के राज्य सचिव टी वीरभद्रम भी रैली में शामिल होंगे।












Click it and Unblock the Notifications