आंध्र प्रदेश में 20 सीटों पर चुनाव लड़ने की योजना बना रही है BRS
पार्टी सूत्रों ने कहा कि आंध्र प्रदेश में एक सर्वेक्षण उन सीटों पर पहले ही किया जा चुका है जहां बीआरएस चुनाव में उम्मीदवार खड़ा कर सकता है।

हैदराबादः पूर्व आईएएस अधिकारी थोटा चंद्रशेखर, पूर्व मंत्री रावेला किशोर बाबू और आंध्र प्रदेश के पूर्व आईआरएस अधिकारी सी पार्थसारथी के भारत राष्ट्र समिति में शामिल होने के बाद, बीआरएस प्रमुख के चंद्रशेखर राव अब आंध्र प्रदेश में कम से कम 20 सीटों पर चुनाव लड़ने की योजना बना रहे हैं। केसीआर की योजना अगले विधानसभा और लोकसभा चुनाव में सीमा से सटे जिलों में प्रत्याशी उतारने की है।
पार्टी सूत्रों ने कहा कि आंध्र प्रदेश में एक सर्वेक्षण उन सीटों पर पहले ही किया जा चुका है जहां बीआरएस चुनाव में उम्मीदवार खड़ा कर सकता है। साथ ही बीआरएस पर लोगों की राय पर एक सामान्य सर्वेक्षण भी किया जा रहा है, कि क्या वे बीआरएस को अन्य पार्टियों के विकल्प के रूप में मान रहे हैं। सर्वे में पूछा जा रहा है कि क्या वो बीआरएस को वोट देना चाहते हैं? क्या वे तेलंगाना में लागू की गई कल्याणकारी योजनाओं और केसीआर सरकार की नीतियों से प्रभावित हैं।
पिछले महीने बीआरएस द्वारा पड़ोसी महाराष्ट्र और कर्नाटक में इसी तरह की कवायद की गई थी। बीआरएस नेताओं ने कहा कि तेलंगाना कुरनूल, प्रकाशम, कृष्णा, गुंटूर और पश्चिम गोदावरी जिलों के साथ सीमा से जुड़ा है। इन जिलों में कुरनूल, जग्गैयापेट, नंदीगामा और माचेरला जैसे विधानसभा क्षेत्र हैं। सूत्रों ने कहा कि पार्टी नेतृत्व विशाखापत्तनम, बापटला और गुंटूर लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ने पर भी विचार कर रहा है।












Click it and Unblock the Notifications