हरियाणा में भाजपा पन्ने तक मजबूत, कांग्रेस संगठनात्मक तौर पर कहीं नहीं: ओपी धनखड़
बीजेपी हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि वे पन्ना प्रमुखों की नियुक्ति के बाद अब पन्ना समिति की गठन के लिए तैयार रहें।

हिसार के गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय में भारतीय जनता पार्टी के तत्वावधाम में शक्ति केंद्र संगम का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्यमंत्री से लेकर प्रदेश के तमाम बड़े नेता शामिल हुए। इस दौरान बीजेपी हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि हरियाणा में भाजपा संगठनात्मक रूप से पन्ने तक मजबूत हो गई है, जबकि कांग्रेस संगठनात्मक रूप से कहीं भी नहीं है।
उन्होंने शक्ति केंद्र प्रमुखों को कहा कि वे पन्ना प्रमुखों की नियुक्ति के बाद अब पन्ना समिति की गठन के लिए तैयार रहें। ओम प्रकाश धनखड़ ने गुजरात में पार्टी गठन का उदाहरण भी कार्यकर्ताओं के सामने रखा और कहा कि हरियाणा भाजपा भी गुजरात की तर्ज पर आगे बढ़ रही है। धनखड़ ने कार्यक्रम में बोलते हुए कांग्रेस को आड़े हाथों लिया तो प्रेसवार्ता में भी उन्होंने भाजपा की आगामी योजनाओं को रखने के साथ-साथ पूछे गए विभिन्न विषयों के जवाब भी सटीकता से दिए।
धनखड़ ने कहा कि केन्द्र व प्रदेश सरकार ने अपने लगभग नौ वर्ष के शासनकाल में जनकल्याण की अनेक योजनाएं शुरू की है, जिससे हर नागरिक लाभान्वित हुआ है। भारतीय जनता पार्टी हर माह दो लाख लाभार्थियों से संपर्क करके योजनाओं बारे उनसे फीडबैक लेगी और उस फीडबैक को केन्द्र व राज्य सरकार से सांझा करके योजनाओं को बेहतरी की तरफ लेकर जाएंगे।
ओमप्रकाश धनखड़ आज गुरू जम्भेश्वर विश्वविद्यालय के चौ. रणबीर सिंह ऑडिटोरियम में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हिसार एक ऊर्जावान शहर है और हमारे लिए किसी भी सकारात्मक पहल के लिए सबसे अच्छी जगह है। पत्रकारों सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने फसल बीमा योजना का प्रारूप मेरे कार्यकाल में केन्द्र सरकार को भेजा था जिसे आज पूरे देश में लागू किया जा रहा है। हमने अब तक फसल बीमा योजना और आपदा प्रबंधन के तहत 8800 करोड़ का मुआवजा किसानों को देकर उनकी चिंता को दूर किया है।
राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द होने के सवाल पर प्रदेश अध्यक्ष धनखड़ ने कहा कि भारत की सामाजिक व्यवस्था में सरनेम का बहुत बड़ा महत्व है, कोलार में दिए उनके भाषण पर अदालत ने उन्हें खेद व्यक्त करने का मौका भी दिया था, लेकिन उनका अहंकार बड़ा है, इसीलिए आज उन्हें यह दिन देखना पड़ा। उनकी सदस्यता रद्द होना राजनीतिक ना होकर कानूनी प्रक्रिया का हिस्सा है।












Click it and Unblock the Notifications