हर आपराधिक मामले का राजनीतिकरण करती है भाजपा: सस्मित पात्रा
सस्मित पात्रा ने कहा, 'आपको कम से कम न्यायपालिका में विश्वास होना चाहिए, आपको न्यायालयों को उनके अनुसार न्याय देने की स्वतंत्रता भी देनी चाहिए और उन पर संदेह और सवाल नहीं उठाना चाहिए।

बीजू जनता दल ने रविवार को भाजपा की ओडिशा इकाई पर जमकर हमला बोला। बीजू जनता दल के सांसद और राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. सस्मित पात्रा ने कहा ओडिशा के लोग आपराधिक मामलों के राजनीतिकरण की भाजपा की पुरानी रणनीति को खारिज करते रहेंगे।
यहां एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए बीजद सांसद सस्मित पात्रा ने कहा कि केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान आज कानून-व्यवस्था के बारे में प्रेस कॉन्फ्रेंस में बात कर रहे हैं, यह हास्यास्पद है। भाजपा शासित राज्यों में बहुत ही सनसनीखेज मामले सामने आए हैं चाहे वह शराब कांड हो या पुल गिरने से कई लोगों की मौत हुई हो और महिलाओं के खिलाफ अपराध भी उनके राज्यों में जमकर हुए हैं। सस्मित पात्रा ने कहा कि लोगों ने न्यायिक जांच की मांग की लेकिन ज्यादातर मामलों में ऐसा कभी नहीं किया गया।
सस्मित पात्रा ने आगे कहा, 'आपकी मंशा सिर्फ हर आपराधिक मामले का राजनीतिकरण करने और राजनीतिक नैरेटिव गढ़ने की है। राज्य पारदर्शी है और उसने इस मामले की निगरानी उड़ीसा उच्च न्यायालय द्वारा मनोनीत उच्च न्यायालय के न्यायाधीश को सौंपी है। हमारे लिए छिपाने के लिए क्या है? आपने आज सुबह अपने बयान में कई बार हाई कोर्ट का नाम लिया लेकिन आपको हाई कोर्ट के जज द्वारा निगरानी पर संदेह है? क्यों? केवल राजनीतिक लाभ कमाने के लिए? आज सुबह आपके द्वारा बताए गए सभी मामले संबंधित अदालतों में हैं।'
सस्मित पात्रा ने कहा, 'आपको कम से कम न्यायपालिका में विश्वास होना चाहिए, आपको न्यायालयों को उनके अनुसार न्याय देने की स्वतंत्रता भी देनी चाहिए और उन पर संदेह और सवाल नहीं उठाना चाहिए। क्या एक वरिष्ठ भाजपा नेता, जिस पर हत्या के मामले सहित 14 आपराधिक मामले दर्ज हैं, को आपके द्वारा ओडिशा विधानसभा में विपक्ष का नेता नियुक्त नहीं किया गया है? क्या वह जेल में नहीं थे और अब बीजेपुर उपचुनाव के दौरान हुए दिलेश्वर साहू हत्याकांड में जमानत पर बाहर हैं? आप ऐसे लोगों को अपना नेता प्रतिपक्ष बनाते हैं, फिर आपमें कौन सी नैतिक ताकत बची है कि आप उड़ीसा सरकार से सवाल करें? क्या आपको हमें नैतिकता सिखानी चाहिए? क्या आपके वर्तमान भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के अध्यक्ष भटली हत्याकांड में जेल में नहीं थे और अब जमानत पर बाहर हैं?'












Click it and Unblock the Notifications