हरियाणा: कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा का वादा, सत्ता में लौटे तो परिवार पहचान पत्र करेंगे खत्म
चंडीगढ़। कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने हरियाणा की जनता से वादा किया है कि अगर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी तो सत्ता संभालने पर परिवार पहचान पत्र को खत्म करेगी। पेंशन के लिए स्वघोषित आय को आधार बनाया जाएगा। सभी बुजुर्गों की पेंशन फिर से शुरू की जाएगी। नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अपने निवास पर ये बातें कहीं। हुड्डा ने कहा कि आबकारी घोटाले की पुष्टि कैग कर चुका है।

बुजुर्गों की पेंशन, बढ़ते भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, धान की एमएसपी, स्कूलों के बंद करने, अतिथि अध्यापकों के तबादलों और आढ़तियों की हड़ताल समेत कई मुद्दों पर हुड्डा और प्रदेशाध्यक्ष उदयभान ने सरकार को घेरा। हुड्डा ने कहा कि सरकार जिंदा लोगों को मृत और मृत लोगों को जिंदा घोषित कर रही है।
उन्होंने कहा कि हजारों बुजुर्गों की पेंशन काट दी गई और स्वर्गीय अध्यापक का तबादला कर दिया। स्कूलों में बच्चों को अध्यापक नहीं मिल रहे। सरकार स्कूल बंद करके ठेके खोलने की नीति पर आगे बढ़ रही है। बिना कोई भर्ती के अध्यापकों के पदों को खत्म किया जा रहा है। अतिथि अध्यापकों जिलों से बाहर कई-कई किलोमीटर दूर भेज दिया गया।
हुड्डा ने आरोप लगाया कि एक तरफ धान का सीजन चल रहा है और दूसरी तरफ मंडियों में आढ़तियों की हड़ताल जारी है। बार-बार मांग करने के बावजूद सरकार ने अब तक खरीद शुरू नहीं की। इसकी वजह से 2060 प्रति क्विंटल के रेट वाली पीआर धान 1700-1800 रुपये प्रति क्विंटल के रेट पर बिक रही है। सरकार जल्द से जल्द एमएसपी पर खरीद शुरू करे। आढ़तियों से बातचीत कर उनकी मांगों का उचित समाधान निकाला जाए।












Click it and Unblock the Notifications