दिव्यांगों के अधिकारों की रक्षा के लिए CM भगवंत मान प्रतिबद्ध, सरकारी विभागों में भर्ती के लिए उठाया बड़ा कदम
मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली राज्य सरकार दिव्यांग व्यक्तियों के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। तदनुसार, राज्य के सभी सरकारी विभागों में सीधी भर्ती और पदोन्नति कोटे में बैकलॉग को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के लिए 20 जुलाई से 20 सितंबर, 2023 तक एक विशेष अभियान चलाया जाएगा।
सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि राज्य सरकार दिव्यांगों के बैकलॉग को प्राथमिकता के आधार पर भरने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि 32 विभागों ने इस संबंध में जानकारी उपलब्ध कराई है और जानकारी के आधार पर कुल 920 रिक्तियां हैं।

इसमें सीधी भर्ती और प्रमोशन से भरे जाने वाले पदों की संख्या भी शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि अन्य विभागों से बैकलॉग रिपोर्ट तत्काल प्राप्त कर इस अभियान में शामिल करना सुनिश्चित करें।
कैबिनेट मंत्री ने दिव्यांग व्यक्तियों के रोस्टर रजिस्टर को उचित तरीके से बनाए रखने के निर्देश दिए ताकि भविष्य में दिव्यांग व्यक्तियों को दिव्यांग अधिकार अधिनियम, 2016 और पंजाब सरकार के निर्देशों के अनुसार सीधी भर्ती और पदोन्नति का लाभ समय पर मिल सके। उन्होंने विभाग को इस संबंध में कार्यशाला आयोजित करके मास्टर ट्रेनर तैयार करने का आदेश दिया। उन्होंने यह भी कहा कि ये प्रशिक्षक प्रधान कार्यालयों एवं क्षेत्रीय कार्यालयों में दिव्यांगों के रोस्टर रजिस्टर को उचित तरीके से तैयार करने के लिए सभी स्तरों पर प्रशिक्षण प्रदान करके भविष्य में दिव्यांग कोटे के पद रोस्टर रजिस्टर निर्देशों के अनुसार तैयार करना सुनिश्चित करें।












Click it and Unblock the Notifications