केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने पंचकुला स्थित ताऊ देवीलाल की प्रतिमा पर चढ़ाए पुष्प
चंडीगढ़, 8 जून। केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने मंगलवार शाम पंचकुला स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम में पूर्व उपप्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी देवीलाल की प्रतिमा पर फूल अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। अनुराग ठाकुर यहां चल रहे खेलो इंडिया कार्यक्रम में पुरुस्कार वितरण समारोह में हिस्सा लेने आए थे। खेल मंत्री ने कहा कि स्वर्गीय चौधरी देवीलाल एक महान किसान नेता थे और उनका सभी राजनीतिक धाराओं से जुड़े लोग सम्मान करते हैं।
अनुराग ठाकुर अपने कार्यक्रम के दौरान विशेष तौर पर ताऊ देवीलाल की प्रतिमा पर पहुंचे और पुष्प अर्पित कर ताऊ को नमन किया। जननायक जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष ओपी सिहाग, प्रदेश महासचिव दिलबाग सिंह नैन और अन्य नेताओं ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया।
पंचकुला स्थित स्टेडियम में स्थापित पूर्व उपप्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल की प्रतिमा का नवीनीकरण, रंगरोगन, मरम्मत और सजावट हाल ही में जेजेपी कार्यकर्ताओं द्वारा किया गया था। राष्ट्र स्तर के खेल समारोह में पहुंचे युवा और प्रशिक्षक भव्य प्रतिमा के पास विशेष रूप से रुकते हैं और यहां तस्वीर खींचते हैं। विशेष तौर पर ग्रामीण परिवेश से आए युवा खिलाड़ी जननायक चौधरी देवीलाल के किसानों के लिए किए कल्याणकारी कामों के बारे में उत्सुकता से बात करते हैं।