CM अरविंद केजरीवाल का ऐलान- 8 शहीद कर्मियों के परिवारों को देंगे 1-1 करोड़ रुपये की मदद
केजरीवाल ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संवाददाताओं से कहा, ‘पहले हमारे देश में व्यवस्था बहुत खराब थी। शहीदों के परिवारों की देखभाल करने वाला कोई नहीं था।

नई दिल्ली: दिल्ली सरकार ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले पुलिस और सशस्त्र बलों के आठ जवानों के परिवारों को एक करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को यह घोषणा की। केजरीवाल ने कहा कि सरकार ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वालों के परिवारों के साथ है। केजरीवाल ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संवाददाताओं से कहा, 'पहले हमारे देश में व्यवस्था बहुत खराब थी। शहीदों के परिवारों की देखभाल करने वाला कोई नहीं था। जब से हमारी सरकार आई है, हमने फैसला किया है कि हम उनके परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये की राशि देंगे। पिछले सात-आठ वर्षों में हमने ऐसे कई परिवारों की मदद की है और उनसे मुलाकात की है। आज हम उन आठ शहीदों के नामों की घोषणा कर रहे हैं, जिनके परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये दिए जाएंगे।'
आम आदमी पार्टी सुप्रीमों अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया, 'सेना, पुलिस, दमकल विभाग एवं होमगार्ड जैसे कई विभागों से हमारे 8 जांबांजों ने जनता की सेवा करते हुए अपनी जान गंवा दी। उनकी शहादत को सलाम। उन सभी शहीदों के परिजनों को हम एक-एक करोड़ की सम्मान राशि दे रहे हैं।' इन शहीद कर्मियों में पुलिसकर्मी, होमगार्ड, दमकलकर्मी, नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक और सैन्यकर्मी शामिल हैं।
अरविंद केजरीवाल ने अपने वीडियो कॉन्फ्रेंस में सबसे पहले लोगों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी। उसके बाद उन्होंने सेना के जवान, पुलिसकर्मी, होमगार्ड, और सिविल डिफेंस स्वंसेवक की योगदान पर चर्चा की। उन्होंने उन आठ शहीदों का नाम बताया जिन्हें सरकार एक-एक करोड़ की मदद देने वाली है।












Click it and Unblock the Notifications