आंध्र प्रदेश: लगातार बढ़ रही है TDP और पार्टी सांसद श्रीनिवास के बीच की खाई
केसिनेनी श्रीनिवास ने कहा, 'मैं अपनी क्षमता से विजयवाड़ा क्षेत्र के लोगों की सेवा कर रहा हूं। क्या होगा, अगर टीडीपी सुप्रीमो एन चंद्रबाबू नायडू अगले चुनाव में मुझे पार्टी का टिकट नहीं देते हैं।

अमरावतीः तेलुगु देशम पार्टी के नेतृत्व और विजयवाड़ा से पार्टी के सांसद केसिनेनी श्रीनिवास के बीच की खाई और चौड़ी होती दिख रही है। दोनों के बीच हालिया बयानों से इसके संकेत भी मिले हैं। रविवार को संक्रांति के अवसर पर नंदीगामा में एक कार्यक्रम में भाग लेते हुए, सांसद केसिनेनी श्रीनिवास ने कहा कि अगर पार्टी नेतृत्व उनके भाई शिवनाथ और कुछ अन्य लोगों को अगले आम चुनाव में टिकट देता है, तो फिर वो सहयोग नहीं करेंगे।
केसिनेनी श्रीनिवास ने कहा कि अगर अगले चुनावों में अपनी संभावनाओं को बढ़ाना है तो पूरी टीडीपी की कायापलट की आवश्यकता है। उन्होंने कहा, 'यह पार्टी नेतृत्व का विशेषाधिकार है कि वह अगला चुनाव लड़ने के लिए किसे पार्टी का टिकट देना चाहता है। वे चाहें तो गांधीजी जैसे व्यक्ति को टिकट दें या फिर माफिया डॉन जैसे व्यक्ति को, यह उनकी इच्छा है। हालांकि, मैं सिद्धांतों का आदमी हूं और मैंने किसी को धोखा नहीं दिया है। मैं उन लोगों को प्रोत्साहित या समर्थन नहीं करूंगा, जो लोगों को धोखा देते हैं। मैं जमीन हड़पने वालों, कॉल मनी और सेक्स रैकेट चलाने वालों के खिलाफ हूं।'
केसिनेनी श्रीनिवास ने कहा, 'मैं अपनी क्षमता से विजयवाड़ा क्षेत्र के लोगों की सेवा कर रहा हूं। क्या होगा, अगर टीडीपी सुप्रीमो एन चंद्रबाबू नायडू अगले चुनाव में मुझे पार्टी का टिकट नहीं देते हैं। मैंने 250 गांवों को गोद लिया है और ट्रस्ट के जरिए उनकी सेवा कर रहा हूं। मेरा सेवा करने का काम कभी नहीं रुकेगा। मैंने बीजेपी का विरोध किया है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ जनसभा में खुलकर बात की है। क्या इससे विजयवाड़ा का विकास रुक गया, या इसपर कोई असर पड़ा। आप लोग समझ लीजिए कि मैं केसिनेनी श्रीनिवास हूं।'












Click it and Unblock the Notifications