पंजाब: '11 साल का कमाल का सफर', आम आदमी पार्टी के स्थापना दिवस पर CM भगवंत मान ने सभी कार्यकर्ताओं को दी बधाई
Aam Aadmi Party Foundation Day: आज देशभर में आम आदमी पार्टी का स्थापना दिवस मनाया जा रहा है। दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दी है। उन्होंने एक्स (ट्विटर) पर लिखा कि सभी कार्यकर्ताओं को पार्टी के स्थापना दिवस की बहुत-बहुत शुभकामनाएं।
पार्टी के स्थापना दिवस पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सीएम केजरीवाल समेत सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि 11 साल का कमाल का सफर है। साथ ही उन्होंने शायराना अंदाज में पार्टी की सफलता पर बधाई दी है। उन्होंने लिखा कि
जिस दिन से चला हूं मेरी मंजिल पे नजर है
आंखों ने कभी मील का पत्थर नहीं देखा...
अरविंद केजरीवाल जी आपको बहुत-बहुत बधाई।

सीएम केजरीवाल ने कहा कि आज ही के दिन 2012 में देश के आम आदमी ने उठकर अपनी खुद की पार्टी 'आम आदमी पार्टी' की स्थापना की थी। तब से लेकर आज तक इन 11 साल में बहुत उतार-चढ़ाव आए। बहुत मुश्किलें भी आईं, लेकिन हम सबके जज्बे और जुनून में कोई कमी नहीं आई है।
उन्होंने कहा कि एक छोटी सी पार्टी को आज जनता ने अपने प्यार और आशीर्वाद से एक राष्ट्रीय पार्टी में बदल दिया है, जनता का आशीर्वाद हमारे साथ है। हम सब अपने मज़बूत इरादों के साथ आगे बढ़ते रहेंगे और जनता के लिए काम करते रहेंगे।
आम आदमी पार्टी की पंजाब इकाई ने ट्वीट कर कहा कि हम यहां कुछ करने के लिए नहीं, बल्कि राजनीति बदलने के लिए आए हैं। आम आदमी पार्टी के स्थापना दिवस पर सभी को शुभकामनाएं। इसका हिस्सा बने हर स्वयंसेवक के साहस और समर्पण को सलाम।
उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ सीएम अरविंद केजरीवाल की क्रांति और मेहनत का ही नतीजा है कि आज दिल्ली और पंजाब में हम नए मुकाम हासिल कर रहे हैं। जनता के आशीर्वाद से आम आदमी पार्टी एक राष्ट्रीय पार्टी बन गई है। इंकलाब जिंदाबाद...।












Click it and Unblock the Notifications